अफगानिस्तान से सुरक्षित निकाल कर भारत लाए गए 16 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। भारत सरकार के साथ लोगों को वहां से निकालने के प्रयासों में समन्वय कर रहे लोगों के मुताबिक मंगलवार को यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर पहुंचने के बाद अफगानिस्तान से निकाले गए कम से कम 16 लोगों में कोविड-19 की पुष्टि हुई है।
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के एक अधिकारी ने कहा कि सोमवार और मंगलवार को अफगानिस्तान से पहुंचे 81 लोगों को दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के छावला में आईटीबीपी के पृथकवास केन्द्र में भेजा गया है।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के एक कार्यालय ज्ञापन के मुताबिक अफगानिस्तान से लाए जा रहे लोगों के लिए यहां भारत आईटीबीपी के छावला स्थित शिविर में न्यूनतम 14 दिनों के संस्थागत पृथकवास को अनिवार्य किया गया है। कोविड-19 महामारी के मद्देनजर मंत्रालय ने यह कदम उठाया है।
ज्ञापन के मुताबिक अफगानिस्तान से आए किसी भी व्यक्ति में कोरोना वायरस की पुष्टि होने और उसमें बीमारी के लक्षण दिखने के बाद उसे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के किसी अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। अफगानिस्तान से लोगों को निकालने में सहयोग करने वाले उद्यमी कण्व भल्ला ने कहा, “दुशांबे के रास्ते काबुल से पहुंचे सभी 78 लोगों का आईजीआई हवाई अड्डे पर कोविड-परीक्षण किया और उनमें से लगभग 16 लोग वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। ”


Download Android App
Download iOS App



