दिल्ली में मामूली कहासुनी के बाद एक युवक का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई। मामले में मुख्य आरोपी पुलिस कांस्टेबल के साथ दूसरे दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं अन्य तीन आरोपी फरार हैं। मृतक शख्स की तलाश के दौरान दिल्ली पुलिस के हाथ एक वीडियो लगा था, जिसमें न्यू अशोक नगर थाने का कांस्टेबल एक युवक को बुरी तरह पीट रहा है।
पुलिस के मुताबिक यह मामला रोड रेज का है। जिसके चलते कांस्टेबल ने अपने 2 साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। दिल्ली पुलिस के ज्वाइंट सीपी सागर प्रीत हुड्डा ने बताया कि FIR दर्ज करने में शुरुआती देरी करने और जांच में लापरवाही बरतने के आरोप में न्यू अशोक नगर पुलिस स्टेशन के एसएचओ को भी निलंबित कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि कांस्टेबल मोनू सिरोही को अजीत कुमार के अपहरण, मारपीट और हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जोकि 4 जून को न्यू अशोक नगर, दिल्ली से लापता हो गया था। इस मामले में तीन और लोग शामिल हैं, जिनमें से दो को गिरफ्तार किया जाना है।
हुड्डा ने कहा कि कांस्टेबल को भी ड्यूटी से बर्खास्त कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि लापता व्यक्ति का शव अभी तक बरामद नहीं हुआ है। शव की तलाश जारी है। वहीं, अपहरण हुए व्यक्ति का मामला 27 जुलाई को दर्ज किया गया था। सूत्रों के मुताबिक जब कांस्टेबल मोनू अपने दोस्तों के साथ कार से जा रहा था। तभी सड़क पर पैदल जा रहे अजीत के साथ उसकी कहासुनी हुई थी। फिर ये कहासुनी मार-पिटाई तक जा पहुंची।
सामने आये वीडियो में कांस्टेबल मोनू सिरोही और उसके साथी अजीत के साथ मार पिटाई कर रहे हैं। मार-पिटाई के बाद अजीत को मोनू सिरोही और उसके साथी अपनी कार में डालकर ले जाते हैं। इस दौरान अजीत की मौत हो जाती है। इसके बाद पुलिस कांस्टेबल और उसके साथी अजीत की लाश को गंग नहर में फेंक देते हैं। शव का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
गिरफ्तार किए जाने के डर से कांस्टेबल मोनू ने लाश को अपनी सफेद रंग की स्विफ्ट कार में मुरादनगर की गंग नगर में ठिकाने लगा दिया था, जिसके बाद पुलिस के हाथ वीडियो लगा था, जिसमें सिपाही मोनू सिरोही एक लड़के को बुरी तरह पीट रहा है। जिसके बाद मामले में कांस्टेबल मोनू सिरोही को गिरफ्तार किया गया।