दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने अपने आवास पर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के छापे के एक दिन बाद शनिवार को दावा किया कि 2024 का लोकसभा चुनाव मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बनाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल को डराने के लिए सभी हथकंडे आजमा रहे हैं।
स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए काम की दुनियाभर में चर्चा
सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली की आबकारी नीति पूरी पारदर्शिता के साथ लागू की गई थी और कोई घोटाला नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि वे लोग (केंद्र सरकार) अरविंद केजरीवाल को रोकना चाहते हैं, जिनके द्वारा शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए काम की दुनियाभर में चर्चा हो रही है।
जांच एजेंसी ने 19 अन्य स्थानों की भी तलाशी ली
गौरतलब है कि सीबीआई ने दिल्ली की आबकारी नीति के क्रियान्वयन में कथित भ्रष्टाचार के संबंध में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद शुक्रवार सुबह सिसोदिया और आईएएस (भारतीय प्रशासनिक सेवा) अधिकारी अरवा गोपी कृष्ण के आवास पर छापे मारे थे। जांच एजेंसी ने 19 अन्य स्थानों की भी तलाशी ली थी।
केंद्र सरकार को घोटाले की चिंता नहीं-उपमुख्यमंत्री
उपमुख्यमंत्री ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मेरे परिवार को कोई असुविधा न होने देने के लिए उनका आभार जताना चाहता हूं। वे अच्छे अधिकारी हैं, लेकिन उन्हें छापे मारने के लिए ऊपर से आदेश मिले हैं।’’ सिसोदिया ने दावा किया कि इन लोगों (केंद्र सरकार) को घोटाले की चिंता नहीं है, इन लोगों की चिंता अरविंद केजरीवाल हैं, जिनसे जनता प्यार करती है और जो ‘राष्ट्रीय स्तर पर एक विकल्प’ के रूप में उभरे हैं।


Download Android App
Download iOS App



