नई दिल्ली : भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष श्री मनोज तिवारी ने मंगलवार को प्रदेश कार्यालय पर भाजपा के संकल्प पत्र से दिल्ली के लोगों को होने वाले लाभ की समीक्षा करते हुए कहा कि जिसके सर पर छत नहीं है, दिल्ली का वह हर नागरिक एक मकान की अहमियत को समझ सकता है।
भाजपा ने 2014 के संकल्प को संकल्प से सिद्धि का नाम देकर 2022 तक प्रत्येक परिवार को पक्का मकान देने का ऐतिहासिक निर्णय शामिल किया। तिवारी ने कहा कि भाजपा ने पानी का विशेष ध्यान रखते हुये नल से जल कार्यक्रम के अन्तर्गत 2024 तक दिल्ली के सभी परिवारों को पाइप से पानी की आपूर्ति करने का संकल्प लिया है।
छोटे व्यापारी दुकानदारों के लिए 60 साल के बाद पेंशन देने का भी प्रावधान है। भाजपा 2022 तक 1,50,000 स्वास्थ्य एवं कल्याण केन्द्र स्थापित करने का कार्यक्रम बना रही है। भाजपा केन्द्रीय विद्यालयों और नवोदय में आदर्श शिक्षा के मानदंड पर आधारित ऐसे 200 नये स्कूल खोलने का संकल्प कर रही है।
तिवारी ने कहा कि राष्ट्रवादी विचारों के साथ भाजपा सबका साथ सबका विकास के आधार पर राजनीति करने को संकल्पित है। हम इस नीति को कमजोर नहीं होने देंगे और जो एक ही देश में दो प्रधानमंत्री चाहते हैं उनके लिए भाजपा का यह संदेश ही उचित है कि 35 ए और 370 जल्द ही जम्मू कश्मीर से हटाने पर भी काम किया जाएगा।
सर्वदलीय बैठक बुला लें केजरीवाल
मनोज तिवारी ने कहा कि 2015 में केजरीवाल जिन मुद्दों को लेकर सत्ता में आए उनमें पूर्ण राज्य का कोई मुद्दा नहीं था, लेकिन जब चार साल बीत गए और कुछ कर नहीं सके तो पूर्ण राज्य का राग अलाप रहे हैं। पूर्ण राज्य के नाम पर दिल्ली की जनता को गुमराह करने वाले केजरीवाल दिल्ली को पानी, स्वास्थ्य सुविधाएं, स्वच्छ हवा, अच्छे स्कूल, बिजली, स्वच्छ यमुना भी नहीं दे सके जिसके लिए पूर्ण राज्य की समस्या आड़े नहीं आती है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल चाहें तो पूर्ण राज्य को लेकर सर्वदलीय बैठक बुला सकते हैं।