नयी दिल्ली : दिल्ली की पटियाला हाउस अदालत परिसर में बुधवार को तनावपूर्ण माहौल रहा। दरअसल, दिल्ली पुलिस ने सूचना दी थी कि देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किए गए शरजील इमाम को यहां मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया जाएगा। यहां जामिया मिल्लिया इस्लामिया और अलीगढ़ में कथित तौर पर भड़काऊ भाषण देने को लेकर मंगलवार को शरजील को बिहार के जहानाबाद से गिरफ्तार किया गया।
कुछ वकीलों ने शरजील के खिलाफ नारेबाजी की और उनके हाथों में मौजूद पोस्टरों में उसे ‘देशद्रोही’ कहा गया था।उन्होंने उसे फांसी देने की मांग की। अदालत परिसर के बाहर सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। एक वकील ने कहा, ‘‘हम यहां उसके खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए हैं जो देश को तोड़ने की बात करता है। सभी वकील ऐसे देशद्रोहियों के खिलाफ एकजुट हैं। उसे जेल से बाहर रहने का हक नहीं है। उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।’’
राजद्रोह के आरोप में गिरफ्तार जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) के छात्र शरजील इमाम को 5 दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया गया है। इससे पहले दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच शरजील इमाम को लेकर साकेत कोर्ट पहुंची और जज के सामने पेश किया गया। डीसीपी राजेश देव के मुताबिक शरजील इमाम की 5 दिन की रिमांड मांगी गई थी। बिहार के जहानाबाद से गिरफ्तार शरजील इमाम को बुधवार को पटना से दिल्ली लाया गया। गिरफ्तारी के बाद जहानाबाद कोर्ट से मंगलवार को दिल्ली पुलिस ने शरजील को ट्रांजिट रिमांड पर लिया था।
डीसीपी राजेश देव ने कहा, “शरजील से पूछताछ के लिए बाकी राज्यों की पुलिस टीमें भी दिल्ली आ सकती हैं।” उन्होंने कहा कि शरजील इमाम को रिमांड पर लेने की जरूरत इसलिए भी है, क्योंकि उससे लंबी पूछताछ की जानी है। साथ ही उसके विवादित और भड़काऊ भाषण वाले वीडियो की सत्यता की पुष्टि भी उससे करनी है। अधिकारी ने कहा कि पता यह भी लगाना है कि शरजील इमाम के पीछे और कौन-कौन लोग हैं।
बता दें, कुछ दिन पहले शरजील इमाम के दो वीडियो वायरल हुए थे। इन वीडियो में वह भारत के टुकड़े टुकड़े करने की बात कह रहा था। इसी के चलते उसके खिलाफ असम, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और अरुणाचल प्रदेश में मामले दर्ज किए गए थे। शरजील को दिल्ली पुलिस ने मंगलवार दोपहर जहानाबाद, बिहार में उसके घर काको थाना इलाके से पकड़ा था।