देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। संक्रमितों का आंकड़ा दिनों दिन लगातार तेजी से बढ़ रहा है। बीते 24 घंटे में कोरोना के 956 नए मामले सामने आए हैं और 14 लोगों की मौत हो गई है। 14 और मौतों के साथ राज्य में मरने वालों का आंकड़ा 4,167 तक पहुंच गया है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 14 और लोगों की मौत हुई। बृहस्पतिवार को यहां 15,356 जांच हुई हैं। बुधवार को 1113 नए मामले सामने आये थे और 14 मरीजों की जान चली गई थी। बृहस्पतिवार को कोरेाना वायरस के 10,975 मरीज उपचाररत रहे जबकि बुधवार को उनकी संख्या 10,946 थी।
राष्ट्रीय राजधानी में 23 जून को अबतक के सर्वाधिक 3,947 नए मामले सामने आये थे। बुधवार को दिल्ली में कोविड-19 के कारण जान गंवाने वालों की संख्या 4,153 थी। दिल्ली में अब कुल संक्रमितों की संख्या 1,49,460 है।
बताते चले कि देशभर में संक्रमितों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, संक्रमितों का आंकड़ा 23,96,637 तक पहुंच गया है और 47,033 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, इस वायरस से अब तक 16,95,982 लोग ठीक हो चुके हैं।