पश्चिमी दिल्ली : पश्चिमी जिले के मायापुरी इलाके में शनिवार शाम एक बार फिर आग की घटना से इलाके में अफरातफरी फैल गई। मायापुरी में दो मंजिला फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। हादसे में बिल्डिंग से कूदकर एक युवक घायल हो गया, जबकि एक महिला बेहोश हो गई। जिनकी पहचान विष्णु और रेनू के रूप में हुई है। वहीं सूचना मिलने पर लोकल पुलिस व दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
दोनों घायलों को स्थानीय लोगों ने अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस आग लगने के कारणों का पता लगा रही है। दमकल विभाग के अनुसार घटना शाम 5 बजकर 02 मिनट पर हुआ। मायापुरी फेस-दो स्थित दो मंजिला फैक्ट्री के ग्राउंड फ्लोर, फर्स्ट फ्लोर व सेकेंड फ्लोर पर जूते बनाने का काम होता है।
आग लगने की सूचना मिलते ही लोकल पुलिस व दमकल विभाग की एक-एक कर करीब 23 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकलकर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है। फिलहाल कूलिंग का काम चल रहा है। वहीं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, आग लगने के कारण का खुलासा नहीं हो पाया है। शुरुआती जांच में बिजली के शॉर्ट सर्किट की आशंका व्यक्त की जा रही है।
फैक्ट्री से धुआं निकलता देखकर खुद आग बुझाने लगे लोग
पुलिस के अनुसार, जब फैक्ट्री से धुआं निकलता देख लोगों ने स्वयं ही आग बुझाने का काम शुरू किया। लेकिन प्लास्टिक की मात्रा ज्यादा होने के कारण आग अचानक विकराल रूप धारण कर लिया। फैक्ट्री में मौजूद सभी कर्मचारी एक-एक बाहर निकाल आए।
कूदने के कारण कर्मचारी, घायल
दमकल विभाग के अनुसार, अभी तक आग में दो लोगों के घायल होने की सूचना मिली। उन्हें पुलिस व दमकल के पहुंचने से पहले नजदीकी अस्पताल में दाखिल कराया करा दिया गया था। आग लगते समय विष्णु नाम का कर्मचारी पहली मंजिल से नीचे कूद गया। जिससे उसके पैर में चोट आई। उसे डीडीयू अस्पताल में दाखिल कराया। वहीं इस घटना में धुआं से एक महिला बेहोश हो गई। उसे नजदीक ईएसआई अस्पताल में दाखिल कराया गया।
बड़ा हादसा होते-होते बचा
दमकल विभाग के अनुसार, उक्त फैक्ट्री गगन नाम के व्यक्ति की है। वह परिवार के साथ कीर्ति नगर में रहते हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के वक्त करीब 40 से 50 लोग फैक्ट्री में मौजूद थे। इसमें कुछ महिलाएं भी शामिल हैं। सूत्रों की मानें तो फैक्ट्री में आग बुझाने के उपकरण मौजूद थे। जिससे वह लोग शुरुआत में आग बुझा रहे थे। लेकिन प्लास्टिक होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही हैं।