नई दिल्ली : राजधानी में जल्द ही इलेक्ट्रिक बसें दौड़ती हुई नजर आएंगी। शनिवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में कैबिनेट ने दिल्ली के लिए एक हजार लो फ्लोर एसी इलेक्ट्रिक बसें के प्रस्ताव को मंजूरी दी। सड़कों पर इन बसों के आने के बाद यह बेड़ा चीन के बाद दुनिया के किसी भी शहर में सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक बसों का होगा। इस संबंध में परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर इन इलेक्ट्रिक बसों के लिए निविदा जारी कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के दिशा में यह बेहतर बसें होंगी जो पर्यावरण अनुकूल हैं। अधिकारी की माने तो यह बसें इसी साल सड़कों पर आ जाएंगी।
सुविधा से होंगी लैस
यह इलेक्ट्रिक बसें आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी। इनमें सीसीटीवी कैमरे , स्वचालित वाहन ट्रैकिंग सिस्टम पैनिक बटन, पैनिक अलार्म के साथ अन्य सुविधाएं होंगी। इन एक हजार बसों को 6 डिपो में रात के समय पार्क और चार्ज किया जाएगा। इन पेरेंट डिपो में एलटी बस बार स्तर तक चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर प्रदान करना सरकार की जिम्मेदारी होगी।
दिल्ली में सबसे बड़ा बेड़ा
सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक बसों का बेड़ा दिल्ली में होगा। अभी कुछ राज्यों में ई बसें दौड़ रही हैं लेकिन इनकी संख्या कुछ सौ में ही है। दिल्ली देश का पहला शहर होगा जहां एक हजार की संख्या में ई बसें दौड़ेंगी। यह बसें न केवल लोगों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन की सुविधा देगी बल्कि दिल्ली के पर्यावरण को भी सुधारने में मदद करेगी।
मिलेगी आर्थिक मदद
सब्सिडी के तौर पर 75 लाख रुपये या लागत का 60 फीसदी (जो भी कम हो) की मदद दी जाएगी। यह आर्थिक सुविधा दिल्ली सरकार द्वारा निर्धारित सुरक्षा उपायों के साथ-साथ तीन किश्तों में और एमएएमई-I योजना में तौर-तरीकों के अनुसार प्रदान किया जाएगा। बैठक में फैसला लिया गया है कि उक्त डिपो जहां से यह चलाए जाएंगे उन्हें अनुमानित सब्सिडी और पावर इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए 800 करोड़ रुपये ईसीसी फंड से वित्त पोषित किया जाएगा। वर्तमान में लगभग 1100 करोड़ रुपये का एक कोष।
दिल्ली के लिए ऐतिहासिक दिन
परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि यह दिल्ली के लिए ऐतिहासिक दिन है। दिल्ली कैबिनेट ने 1000 लो फ्लोर इलेक्ट्रिक बसों के प्रस्ताव को मंजूरी दी। उन्होंने कहा कि मैं इस फैसले के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दिल्ली के लोगों के लिए स्वच्छ, हरियाली सुनिश्चित करने में उनके निरंतर नेतृत्व के लिए धन्यवाद देता हूं।