नई दिल्ली : सिग्नेचर ब्रिज पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक पर सवार दो दोस्त सिग्नेचर ब्रिज के घुमावदार मोड़ पर रेलिंग से टकरा गए। बाइक करीब 25 मीटर तक सड़क पर घिसटते हुए गई। बाइक के पीछे बैठा युवक पुल से 50 फुट नीचे जा गिरा। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां मंगलवार तड़के फरमान (24) की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि अफजाल की हालत नाजुक बनी हुई है। उसके हाथ और पैरों में कई फ्रेक्चर हुए हैं।
शरीर पर जगह-जगह गंभीर चोटें हैं। तिमारपुर थाना पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि सिग्नेचर ब्रिज पर करीब एक साल पूर्व भी इसी तरह का एक दर्दनाक हादसा हुआ था। पुल से नीचे गिरने के कारण दो मेडिकल छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई थी। पुलिस के मुताबिक फरमान अपने परिवार के साथ भागीरथी विहार मुस्तफाबाद में रहता था। फरमान घर के पास ही सलून चलाता था।
उसका दोस्त अफजाल भी परिवार के साथ भागीरथी विहार में रहता है। अफजाल का एक रिश्तेदार उत्तरी दिल्ली के अस्पताल में भर्ती है। सोमवार रात को दोनों बाइक से रिश्तेदार को खाना देने गए थे। देर रात वे बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक अफजाल चला रहा था। जैसे ही वे दोनों तिमारपुर की ओर से सिग्नेचर ब्रिज होते हुए भजनपुरा की ओर जा रहे थे। तेज मोड़ पर अफजाल बाइक पर नियंत्रण खो बैठा। बाइक पुल की रेलिंग से टकराकर करीब 25 मीटर तक घिसटते हुए गई। बाइक के पीछे बैठा फरमान उछलकर पुल से करीब 50 फुट नीचे जा गिरा।
हादसे को देखते ही कार सवार युवक रुका और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पीसीआर ने घायल फरमान को अस्पताल पहुंचाया। नीचे अंधेरा होने के कारण काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने घायल फरमान को ढूंढा। काफी ऊंचाई से नीचे गिरने के कारण उसका पेट फट गया था। अस्पताल ले जाने पर सुबह करीब 4 बजे उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद फरमान का शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं अफजाल की हालत भी नाजुक बनी हुई है।