मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कैग की दिल्ली सरकार को लाभ में बताने वाली एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए बुधवार को कहा कि आंकड़े ‘‘उसकी ईमानदारी का सबसे बड़ा सबूत’’ हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) की ईमानदारी ने विरोधियों की नींद उड़ा दी है।
नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की मंगलवार को विधानसभा में रखी रिपोर्ट में कहा गया है कि दिल्ली सरकार के पास 2015-16 से 2019-20 तक अतिरिक्त राजस्व था। हालांकि, उसने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार राजस्व अधिशेष इसलिए बनाए रख पायी क्योंकि उसके कर्मचारियों की पेंशन का खर्च केंद्र सरकार वहन करती है और दिल्ली पुलिस का खर्च केंद्रीय गृह मंत्रालय उठाता है।
केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘यह कैग की रिपोर्ट है। इन्होंने कहा है कि दिल्ली में जब से आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है, तब से दिल्ली सरकार फायदे में चल रही है। यह आप सरकार की ईमानदारी का सबसे बड़ा सबूत है। इसी ईमानदारी ने हमारे विरोधियों की नींद उड़ा रखी है।’’


Download Android App
Download iOS App



