बुजुर्गों को तीर्थयात्रा पर भेज रही ‘AAP’ ने जोड़ा ईसाई धार्मिक स्थल का नाम, अयोध्या के लिए पहली ट्रेन इस तारीख को होगी रवाना

Summary :

अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि दिल्ली के वरिष्ठ नागरिकों के लिए मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना के तहत हम उन्हें रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या भेज रहे हैं।

दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल दिल्ली से बाहर अपनी पार्टी को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में केजरीवाल ने बुजुर्गों को तीर्थयात्रा पर ले जाने का चुनावी खेला खेला है। अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि दिल्ली के वरिष्ठ नागरिकों के लिए मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना के तहत हम उन्हें रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या भेज रहे हैं। 
इसके साथ ही एक बुजुर्ग के साथ एक और व्यक्ति जा सकते हैं। दिल्ली से अयोध्या के लिए हमारी पहली ट्रेन 3 दिसंबर को रवाना होगी। इसके लिए पंजीकरण शुरू हो गए हैं। आप दिल्ली सरकार के ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।  
तमिलनाडु के वेलंकन्नी चर्च को भी इसमें शामिल करेंगे  
केजरीवाल ने ईसाई लोगों के लिए मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना में वेलिकन चर्च का नाम जोड़ दिया है। इसकी जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि योजना के तहत शामिल तीर्थ स्थलों की सूची में तमिलनाडु के वेलिकन चर्च को जोड़ दिया गया है। दरसअल, ईसाई लोगों की शिकायत थी कि योजना में उनका एक भी धार्मिक स्थल नहीं है।  

ईसाई भाइयों ने बताया था कि उनका कोई भी तीर्थ स्थल योजना में शामिल नहीं है  
दिल्ली के सीएम ने कहा कि अगर अयोध्या जाने वाले तीर्थ यात्रियों की संख्या ज्यादा हुई तो वे कई ट्रेनें चलाएंगे लेकिन किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है। कोई छूटे नहीं। भगवान की कृपा से आप सब लोग स्वस्थ रहें। हम उन लोगों की भी मदद करेंगे जो अयोध्या में रामलला के दर्शन मुफ्त में करना चाहते हैं।  
उन्होंने पिछले महीने घोषणा करते हुए कहा था, मैं भाग्यशाली हूं कि मुझे राम लला के सामने सिर झुकाने का मौका मिला और मैं चाहता हूं कि सभी को यह मौका मिले। मेरे पास जो भी क्षमता है, मैं उसका उपयोग अधिक से अधिक लोगों को वहां लेकर जाने के लिए करूंगा।  
वातानुकूलित होटलों में मुफ्त में रहने की सुविधा प्रदान की जाती है  
इससे पहले  केजरीवाल ने 27 अक्टूबर को अयोध्या को उस योजना में जोड़ा था, जिसके तहत बुजुर्ग लोगों को वातानुकूलित ट्रेनों से यात्रा करने और अच्छे, वातानुकूलित होटलों में मुफ्त में रहने की सुविधा प्रदान की जाती है।  
अब तक 36 हजार से अधिक लोग लाभान्वित हो चुके हैं।
केजरीवाल ने कहा, इस योजना से अब तक 36 हजार से अधिक लोग लाभान्वित हो चुके हैं। अयोध्या ने जगन्नाथ पुरी, उज्जैन, शिरडी, अमृतसर, जम्मू, द्वारका, मथुरा, तिरुपति, रामेश्वरम, हरिद्वार और बोधगया जैसे अन्य तीर्थ स्थलों के अलावा मुख्यमंत्री तीर्थ कल्याण योजना की सूची में जगह बनाई है। 

Desk Team