नई दिल्ली : निर्भया के दरिंदों को फांसी देने में हो रही देरी के बीच दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने निर्भया के दोषियों के वकीलों पर सवाल खड़े किए हैं। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शुक्रवार को कहा कि निर्भया के चार दोषी में से दो के वकील व्यवस्था का मजाक बना रहे हैं।
वह उन्हें फांसी देने में देरी करने के लिए रणनीति का इस्तेमाल कर रहे हैं। आप नेता का बयान ऐसे समय में आया है जब वकील एपी सिंह ने यह आरोप लगाते हुए दिल्ली की एक अदालत का दरवाजा खटखटाया कि तिहाड़ जेल प्रशासन अक्षय कुमार सिंह (31) और पवन सिंह (25) के लिए सुधारात्मक याचिका दायर करने के लिए जरूरी दस्तावेज नहीं दे रहा है। सिसोदिया ने ट्वीट किया कि निर्भया केस में वकील फांसी में देरी करने की रणनीति का इस्तेमाल कर रहे हैं।
इस तरह वह सिस्टम का मजाक बना रहे हैं। उन्होंने लिखा कि हमें त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के लिए एक साथ काम करना होगा, जिससे न्याय को सक्षम बनाने और सभी खामियों को दूर करने के लिए कानूनों में बदलाव किया जाए। शीर्ष अदालत ने हाल ही में दो अन्य दोषियों विनय कुमार शर्मा (26) और मुकेश सिंह (32) की सुधारात्मक याचिका खारिज कर दी थी। चारों गुनहगारों को अदालत के आदेश के अनुसार एक फरवरी को सुबह छह बजे फांसी पर चढ़ाया जाना है।