राजधानी दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता सोमनाथ भारती अफ्रीकी मूल की महिलाओं से मारपीट व दंगे के मामले में बरी हो गए हैं। दरअसल, अफ्रीकी मूल की महिलाएं अपने बयान दर्ज कराने के लिए अदालत में नहीं पहुंचीं, इसी आधार पर अदालत ने संदेह का लाभ देते हुए सोमनाथ भारती को बरी कर दिया।
बता दें कि सोमनाथ भारती को वर्ष 2014 में शिकायत मिली थी कि खिड़की एक्सटेंशन में रह रहीं अफ्रीकन मूल की कुछ महिलाएं ड्रग्स और प्रॉस्टिट्यूशन का रैकेट चला रहीं हैं। इसके बाद सोमनाथ भारती अपने समर्थकों के साथ भीड़ लेकर खिड़की एक्सटेंशन पहुंच गए। उन पर आरोप था कि सोमनाथ भारती ने उन महिलाओं के घर पर गैरकानूनी तरीके से छापा मारा था।
इसके साथ ही सोमनाथ पर यह भी आरोप लगाया गया था कि रेड के दौरान उन्होंने और उनके समर्थकों ने अफ्रीकी महिलाओं के साथ छेड़छाड़, बदसलूकी, धमकी और मारपीट भी की थी। इस मामले में सोमनाथ भारती के अलावा 16 अन्य लोगों के खिलाफ कई संगीन धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई थी।