नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नव निर्वाचित सांसद मनोज तिवारी की रणनीति दिल्ली में कारगर साबित हुई और पार्टी को बंपर जीत मिली। इस जीत में जहां पार्टी की रणनीति, कुशल नेतृत्व कारगर साबित हुआ। वहीं कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत ने जीत की बुनियाद को और मजबूत किया। वर्ष 2014 के मुकाबले दिल्ली के सभी सांसद दो से तीन गुना मतों से जीत हासिल कर सके।
इस जीत के बाद मनोज तिवारी वर्ष 2020 दिल्ली विधानसभा चुनाव फतह की तैयारी में लग गए। तिवारी ने अपने संसदीय क्षेत्र उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा के कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। इसके लिए करावल नगर स्थित पीआर वाटिका में पार्टी की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें न सिर्फ मनोज तिवारी ने कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया बल्कि उनके साथ भोजन कर आगामी विधानसभा चुनाव 2020 की रणनीति पर भी चर्चा की। इस दौरान मनोज तिवारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित भी किया।
तिवारी ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी का आधार और बुनियाद होते हैं। बुनियाद जितनी मजबूत होगी भवन उतना ही मजबूत होगा और पार्टी का ढांचा अगर मजबूत होगा तो 2020 की दिल्ली अब दूर नहीं। उन्होंने कहा कि आगामी छह माह तक कार्यकर्ता गली-गली, घर-घर जाकर न सिर्फ पार्टी की नीति-रीति और सिद्धांत से लोगों को जोड़ेंगे, बल्कि केंद्र सरकार की जनहितकारी नीतियों को घर घर तक पहुंचाएंगे।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस और अरविंद केजरीवाल केंद्र सरकार की जनहितकारी नीतियों से भयभीत हैं और उसका जीता जागता उदाहरण आर्थिक आधार पर आरक्षण और आयुष्मान भारत योजना को केजरीवाल द्वारा दिल्ली में न लागू करना है। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, जिला अध्यक्ष अजय महावर, कैलाश जैन, विधायक जगदीश प्रधान समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।