नई दिल्ली : दिल्ली प्रदेश कांग्रेस युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने युवा कांग्रेस अध्यक्ष विकास छिकारा के नेतृत्व में डीजल-पेट्रोल के बढ़े दामों के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता अपना रोष प्रकट करते हुए पेट्रोलियम मंत्रालय की ओर जा रहे थे परंतु पुलिस ने उनको बीच में ही रोक दिया। सैकड़ों युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता हाथों में झंडे लेकर भाजपा की केन्द्र सरकार और दिल्ली की केजरीवाल सरकार के खिलाफ पेट्रोल और डीजल के दामों को कम करने के लिए नारे लगा रहे थे।
युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विकास छिकारा ने कहा कि जब से केन्द्र में भाजपा की सरकार और दिल्ली में आप पार्टी की केजरीवाल सरकार आई है तब से लगातार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ रहे हैं जिसके कारण महंगाई आसमान छू रही है और गरीब और मध्यम वर्ग की जनता की जेब पर लगातार बोझ बढ़ता जा रहा है।
छिकारा ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम कम होते हैं परंतु फिर भी केन्द्र सरकार पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ाए जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि केन्द्र सरकार पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज कम कर दें और आप पार्टी की दिल्ली सरकार वेट घटा दे तो भी दिल्ली में लोगों को काफी राहत मिल सकती है। परंतु दोनों सरकारें इस ओर बिलकुल भी ध्यान नही दे रही है।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।