कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में भर्ती कराया गया है। यह जानकारी उनके परिवार ने रविवार को दी। पटेल कुछ हफ्ते पहले कोविड-19 से संक्रमित पाए गए थे।
पटेल के परिवार ने बताया कि उनकी स्थिति स्थिर है और वह चिकित्सकों की निगरानी में हैं।
पूर्व पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कई नेताओं ने कोषाध्यक्ष के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
पटेल (71) ने एक अक्टूबर को ट्वीट किया था कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं।
अहमद पटेल के बेटे फैसल ने रविवार को ट्वीट किया, ‘‘परिवार की तरफ से हम बताना चाहेंगे कि अहमद पटेल कुछ हफ्ते पहले कोविड-19 से संक्रमित हुए थे। उन्हें अब आगे के उपचार के लिए गुड़गांव (गुरुग्राम)के मेदांता अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती कराया गया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उनकी हालत स्थिर है और वह चिकित्सकों की निगरानी में बने हुए हैं…हम आपसे आग्रह करते हैं कि उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करें।’’
राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘हम अहमद पटेल जी के शीघ्र पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना करते हैं। पार्टी को हर कदम पर उनके मार्गदर्शन की जरूरत है।’’
पटेल को ‘भारतीय राजनीति में असाधारण हस्ती’ करार देते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा, ‘‘ मैं उनकी असाधारण विशेषताओं का प्रशंसक रहा हूं और मैं उनके शीघ्र पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना करता हूं। उन्होंने कई बड़ी जीत हासिल की है , प्रार्थना करता हूं कि यह एक और जीत हो। ’’
वरिष्ठ कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने ट्वीट किया, ‘‘अपने दोस्त और कॉमरेड अहमद पटेल के लिए काफी चिंतित हूं और उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं। उनके जल्द ठीक होने के लिए आप सभी प्रार्थना करें।’’
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, गुलाम नबी आजाद, मनीष तिवारी और सचिन पायलट जैसे कई कांग्रेस नेताओं ने पटेल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
गौरतलब है कि इसे पहले अभिषेक सिंघवी और तरुण गोगोई सहित कांग्रेस के कई नेता कोविड-19 से संक्रमित हो चुके हैं। कोरोना वायरस से उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू के अलावा कई केंद्रीय मंत्री भी संक्रमित हो चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



