नई दिल्ली : दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी के नेतृत्व में शनिवार को प्रदेश कार्यालय पर दिल्ली प्रदेश चिकित्सा प्रकोष्ठ ने चिकित्सक सम्मेलन का आयोजन किया। इस सम्मेलन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व दिल्ली प्रभारी श्याम जाजू, लोकसभा सह-प्रभारी जयभान सिंह पवैया, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन एवं दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी चिकित्सकों का अभिनंदन करते हुये श्याम जाजू ने कहा कि 2019 का चुनाव महत्वपूर्ण चुनाव है, जहां एक ओर राष्ट्रवादी ताकतें हैं, जो देश हित को सर्वोपरी मानते हैं तो दूसरी तरफ नकारात्मक शक्तियों को महागठबंधन है।
यह निजी स्वार्थ के लिए किसी भी हद तक गिर सकते हैं। सर्जिकल और एयर स्ट्राइक पर सवाल उठाकर विपक्ष के लोग सेना का मनोबल गिरा रहे हैं। लोकसभा सह-प्रभारी जयभान सिंह पवैया ने कहा कि आज हमारे सामने विकल्प स्पष्ट है कि हमें देश का गौरव बढ़ाने वाले सशक्त नेतृत्व वाले प्रधानमंत्री मोदी की जरूरत है या फिर महागठबंधन की जिसका कोई नेता ही नहीं है। दिल्ली की सत्ता में 67 सीटें पाने वाले केजरीवाल शून्य पर रहने वाली कांग्रेस के सामने गठबंधन के लिए गिड़गिड़ा रहे हैं।
चिकित्सकों को सम्बोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि योग को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ले जाकर प्रधानमंत्री मोदी ने हम फिट तो इण्डिया फिट का नारा दिया है। दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के सवर्णों का 10 प्रतिशत आरक्षण को दिल्ली में रोककर केजरीवाल ने दिल्ली की जनता के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश के चौकीदार हैं और सभी डाॅक्टर स्वास्थ्य के चौकीदार हैं।
वहीं संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने कहा कि धरती पर भगवान का दूसरा रूप डाॅक्टर है। 1951 से जनसंघ की स्थापना के बाद आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी है। आज भाजपा की सफलता का कारण दो-चार कार्यकर्ता नहीं बल्कि करोड़ों कार्यकर्ताओं का बलिदान है। उन्होंने कहा कि मेरा निवेदन है कि चिकित्सक व्यक्ति नहीं बल्कि संस्था के रूप में काम करें।