दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आम आदमी पार्टी (आप) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की रविवार को हुई बैठक में एक बार फिर पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक चुना गया। अरविंद केजरीवाल को आम आदमी पार्टी का लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय संयोजक बताया गया है। वहीं पार्टी नेताओं- पंकज गुप्ता और एन डी गुप्ता को सचिव और पार्टी कोषाध्यक्ष चुना गया है। इन तीनों पदाधिकारियों का कार्यकाल 5 साल का होगा।
आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय परिषद ने शनिवार को केजरीवाल समेत 34 सदस्यीय नई कार्यकारिणी निकाय का चुनाव किया। इनमें कई नए चेहरे भी जुड़े हैं। अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन, गोपाल राय, इमरान हुसैन, राखी बिड़लान, आतिषी, दुर्गेश पाठक, राघव चड्ढा, एन डी गुप्ता, दिलीप पांडेय शामिल हैं। इसके साथ उत्तराखंड में आप का मुख्यमंत्री चेहरा कर्नल अजय कोठीयाल को भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किया गया है।
बता दें कि अगले साल कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, जो आम आदमी पार्टी के लिए काफी अहम हैं। पार्टी पंजाब में मुख्य विपक्षी दल है और इस बार चुनाव में वह जीत का दावा कर रही है। इसके अलावा, पार्टी उत्तराखंड में भी चुनावी मैदान में उतरने जा रही है और इसके लिए मुख्यमंत्री का उम्मीदवार भी घोषित कर दिया गया है। इसके अलावा, अगले ही साल गोवा और गुजरात में भी विधानसभा चुनाव होने हैं, जहां से पार्टी को काफी उम्मीदें हैं। सूरत के स्थानीय चुनावों में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद कई बड़ी हस्तियां आम आदमी पार्टी में पिछले कुछ दिनों में शामिल हो चुकी हैं।