पूर्वी दिल्ली से आप उम्मीदवार आतिशी गुरुवार को अपने खिलाफ ‘‘आपत्तिजनक और अपमानजनक’’ टिप्पणियों वाला एक पर्चा पढ़ते समय रो पड़ीं। उन्होंने दावा किया कि उनके प्रतिद्वंद्वी बीजेपी के गौतम गंभीर ने निर्वाचन क्षेत्र में ऐसे पर्चे बंटवाये हैं। हालांकि इस संबंध में गंभीर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
संवाददाता सम्मेलन के दौरान आतिशी के साथ दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी थे। पत्रकारों के सामने पर्चा पढ़ते समय आतिशी रो पड़ीं। उन्होंने कहा कि पूर्व क्रिकेटर गंभीर के राजनीति में आने पर उन्होंने उनका स्वागत किया था लेकिन अब बीजेपी बेहद निचले स्तर पर पहुंच गयी है।
आतिशी ने कहा की “मेरा गंभीर जी से बस एक यही सवाल है के अगर वो मेरे जैसी एक सशक्त महिला को हराने के लिए इतना गिर सकते तो सांसद बनने के बाद वो अपने क्षेत्र की महिलाओं को कैसे सुरक्षित करेंगे।” इस दौरान वह मौजूद उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा, बीजेपी उम्मीदवार गौतम गंभीर ने पूर्वी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में आतिशी के बारे में अपमानजनक पर्चे प्रसारित किए। इस पर्चे में भाषा इतनी अपमानजनक और नीच है कि हर कोई इसे पढ़ते हुए शर्म महसूस करेगा।
आगे उन्होंने कहा, मैंने कभी नहीं सोचा था गौतम गंभीर इतना नीचे गिर सकते है। अगर ऐसी मानसिकता वाले लोगों को वोट दिया जाए तो महिलाएं सुरक्षा की उम्मीद कैसे कर सकती हैं? आतिशी को सांत्वना देते हुए उन्होंने कहा, आतिशी मजबूत रहो। मैं कल्पना कर सकता हूं कि तुम्हारे के लिए यह कितना मुश्किल होगा। यह ठीक इसी तरह की ताकत है जिसके खिलाफ हमें लड़ना है।


Download Android App
Download iOS App




