गुजरात विधानसभा चुनावों से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविन्द केजरीवाल ने हिंदुत्व कार्ड खेला है। उन्होंने इंडोनेशिया का उदाहरण देते हुए केंद्र सरकार से भारतीय करेंसी पर गांधी के साथ भगवान गणेश और मां लक्ष्मी की तस्वीर की मांग की। केजरीवाल के इस दांव पर बीजेपी ने पलटवार किया है।
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल जो थोड़े दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कह रहे थे कि अगर गलती से आपने दिवाली मना ली तो आपको जेल में डाला जाएगा, आज वे अचानक लक्ष्मी जी और गणेश जी के विषय में बोलते हुए पाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल की राजनीति अब यू-टर्न ले रही है… वह वही आदमी है जिसने अयोध्या के राम मंदिर में जाने से इनकार कर दिया, यह दावा करते हुए कि भगवान वहां की जाने वाली प्रार्थनाओं को स्वीकार नहीं करेंगे … वह संसद में बोलते हैं कि कश्मीरी पंडित झूठ है।
केजरीवाल के बयान पर बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि उनके (आप) मंत्री, गुजरात प्रमुख और नेताओं ने हिंदू देवताओं को गाली दी है और बहुत कुछ कहा है और फिर भी, वे पार्टी में हैं। वे चुनाव में चेहरा बचाने के लिए नए हथकंडे ला रहे हैं। राम मंदिर पर आपत्ति करने वालों ने नया मुखौटा पहना है।
केजरीवाल ने इस मांग ने मचाया विवाद
डॉलर के मुकाबले रुपए की कमजोरी का हवाला देते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कई बार देवी-देवताओं का आशीर्वाद नहीं मिलने से प्रयास सफल नहीं होते हैं। केजरीवाल ने कहा कि लक्ष्मी-गणेश की नोट पर तस्वीर लगाने से देश को उनका आशीर्वाद मिलेगा। उन्होंने कहा कि हम सब देख रहे हैं कि हमारी अर्थव्यवस्था बहुत नाजुक दौर से गुजर रही है। हम देख रहे हैं कि डॉलर के मुकाबले रुपया दिन प्रतिदिन कमजोर होता जा रहा है।
मुसलमानों की संभावित नाराजगी पर भी केजरीवाल का जवाब
इस मांग पर मुसलमानों की संभावित नाराजगी पर जवाब देते हुए केजरीवाल ने कहा कि ”इंडोनेशिया एक मुस्लिम देश है। 85 फीसदी से ज्यादा मुस्लिम हैं। 2 फीसदी से भी कम हिंदू हैं वहां पर, लेकिन उन्होंने भी अपने नोट पर गणेश जी की तस्वीर छापी है। यह एक बहुत अहम कदम है, जो केंद्र सरकार को उठाना चाहिए। मैं 130 करोड़ लोगों की ओर से केंद्र सरकार और पीएम मोदी से यह अपील करता हूं।”


Download Android App
Download iOS App



