कोरोना की दूसरी लहर में पैदा हुए ऑक्सीजन संकट के लिए भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जिम्मेदार ठहराया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने रविवार को कहा दिल्ली सहित देश के कई राज्यों में ऑक्सीजन कमी से कोरोना पीड़ितों की जान जाने के लिए मुख्यमंत्री केजरीवाल को जिम्मेदार है।
उन्होंने कहा कि अगर केजरीवाल ने अगले 24 घंटों में माफी नहीं मांगी तो भाजपा प्रदेश भर में उनके खिलाफ आंदोलन चलाएगी। आदेश कुमार गुप्ता ने प्रदेश कार्यालय पर प्रेस कांफ्रेंस करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से ऑक्सीजन के मुद्दे पर गठित समिति की रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली सरकार द्वारा जरूरत से चार गुना ज्यादा मांग करने के कारण देश के 12 अन्य राज्यों को ऑक्सीजन की कमी का खामियाजा भुगतना पड़ा और हजारों लोगों की जान चली गई।
उन्होंने कहा कि दिल्ली को जरूरत से चार गुना ज्यादा ऑक्सीजन मिली लेकिन दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यह नहीं बताया कि उस ऑक्सीजन का कहां और कैसे प्रयोग किया गया। केजरीवाल लोगों की जान जाने का कारण बने हैं, लेकिन अभी तक उन्होंने अपनी कृत्य के लिए माफी नहीं मांगी है।
आदेश गुप्ता ने कहा कि अपनी नाकामी को छिपाने के लिए केजरीवाल ने ऑक्सीजन का बहाना बनाया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मुख्यमंत्री केजरीवाल ने अपनी गलती और ऑक्सीजन को लेकर भय का वातावरण बनाने के लिए अगले 24 घंटों में माफी नहीं मांगी तो भाजपा उनके खिलाफ जन आंदोलन चलाएगी।