नई दिल्ली : चुनावी माहौल में कई मुद्दों को लेकर कांग्रेस एवं भाजपा पर हमलावर रही आम आदमी पार्टी (आप) ने अब दोनों पार्टियों पर दिल्ली के विकास को लेकर अनदेखी करने का आरोप लगाया है। पार्टी कार्यालय में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान आप दिल्ली संयोजक गोपाल राय ने कहा कि पूर्व में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां दिल्ली के लिए अपना घोषणापत्र जारी करती रही हैं। शुक्रवार चुनाव-प्रचार का आखिरी दिन है लेकिन न तो भाजपा और न ही कांग्रेस का कोई घोषणा पत्र दिल्ली के लिए आया।
इसका मतलब दिल्ली के लिए दोनों ही पार्टी के पास कोई विजन नहीं है। गोपाल राय ने दावा किया कि आज दिल्ली में एकमात्र आम आदमी पार्टी ही है जो दिल्ली के विकास के बारे में सोचती है और काम कर रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली को पूर्णराज्य का दर्जा देने की मांग पूर्व में भाजपा और कांग्रेस द्वारा भी उठाई जाती रही है।
लेकिन यह मांग केवल उनके घोषणा पत्रों तक सीमित रही है। पर हमने पूर्णराज्य से दिल्ली को होने वाले लाभों की जानकारी दिल्ली के घर-घर तक पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पूर्णराज्य से युवाओं को रोजगार मिल सकता है, महिला सुरक्षा का मुद्दा सुलझाया जा सकता है।