बीजेपी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल के खिलाफ अपने अभियान के तहत रविवार को दिल्ली के सात विधानसभा क्षेत्रों में जन जागरूकता सभाओं का आयोजन किया और अपने ‘झूठा कहीं का’ अभियान के तहत दिल्ली में 135 स्थानों पर केजरीवाल पर बनी लघु फिल्मों की स्क्रीनिंग भी की।
बवाना और रिठाला विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, राजेंद्र नगर में केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, बवाना में राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम व सांसद हंसराज हंस, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन व बल्लीमारान में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता, घोंडा में पूर्व अध्यक्ष मनोज तिवारी और विकास पुरी विधानसभा में आयोजित जनचेतना सभाओं में सांसद प्रवेश वर्मा ने आम आदमी पार्टी और दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा.
सचदेवा ने केजरीवाल सरकार पर पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूबे होने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह सरकार सुप्रीम कोर्ट द्वारा कुछ प्रशासनिक शक्तियां दिए जाने को अपनी सरकार को मिली किसी क्लीनचिट की तरह दिखा रही है, पर वे यह समझ लें कि आप सरकार के घोटालों को उजागर करने का भाजपा का आंदोलन जारी रहेगा।
वहीं दुष्यंत गौतम ने केजरीवाल पर दिल्ली की जनता को विकास के बजाय सिर्फ सब्जियां दिखाने का आरोप लगाया और कहा कि पिछले आठ सालों में केजरीवाल ने सिर्फ भ्रष्टाचार किया है और इससे त्रस्त दिल्ली की जनता 2025 के चुनावों में इन्हें दिल्ली से उखाड़ फेंकेगी।
रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि आज दिल्ली और पंजाब पुलिस के 106 जवान केजरीवाल की सुरक्षा में लगे हैं, जबकि राजनीति में आने से पहले वह सुरक्षा नहीं लेने की बात करते थे. उन्होंने केजरीवाल को देश का सबसे भ्रष्ट सीएम बताते हुए कहा कि आज उनके दो मंत्री (पूर्व मंत्री) भ्रष्टाचार के आरोप में जेल में हैं.
केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने केजरीवाल सरकार पर प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना और अटल बीमा योजना जैसी गरीब कल्याणकारी योजनाओं को लागू नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि केजरीवाल ने पिछले 8 सालों में और अपने महल के निर्माण के बाद देश भर में भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. वो देश के सबसे लग्जरी मुख्यमंत्री बन गए हैं।
डॉ. हर्षवर्धन ने दिल्ली के सीएम पर तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी द्वारा आज पूरी दिल्ली में जो वीडियो चलाया जा रहा है, वह महज एक कोशिश थी, लेकिन केजरीवाल के भ्रष्टाचार की लिस्ट इतनी लंबी है कि एक वीडियो में नहीं आएगी. है।
मनोज तिवारी, प्रवेश वर्मा और आदेश गुप्ता सहित अन्य भाजपा नेताओं ने भी केजरीवाल पर हमला करते हुए कहा कि समय आ गया है कि केजरीवाल खुद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दें या 2025 के विधानसभा चुनाव में हार का सामना करें।