भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद और भारत के पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने मंगलवार रात दिल्ली पुलिस से संपर्क किया और आरोप लगाया कि उन्हें ‘आईएसआईएस कश्मीर’ से जान से मारने की धमकी मिली है। डीसीपी सेंट्रल श्वेता चौहान ने कहा कि पुलिस हरकत में आ गई है और मामले की जांच की जा रही है। इस बीच, गौतम गंभीर के राजेंद्र नगर स्थित आवास के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
गौतम गंभीर को मिली ISIS कश्मीर से धमकी
क्रिकेटर से नेता बने गौतम गंभीर को धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई थी। खतरों के संबंध में अन्य विवरणों का पता लगाया जाना बाकी है। पुलिस जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी, जिसमें उस ईमेल पते का सत्यापन भी शामिल है जिससे गंभीर को धमकी भरा पत्र भेजा गया था।
जानिए गौतम गंभीर का सियासी बैकग्राउंड
गौतम गंभीर को 2019 में भाजपा के टिकट पर पूर्वी दिल्ली से लोकसभा सांसद के रूप में चुना गया था। उन्होंने 2018 में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा करने से पहले, 15 वर्षों तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए खेला। बता दें कि गौतम गंभीर 2 वर्ल्डकप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे हैं, 2007 टी-20 वर्ल्डकप और 2011 वर्ल्डकप में गौतम गंभीर बड़े सितारे थे और दोनों ही फाइनल में उन्होंने मैच जिताऊ पारी खेली थी।


Download Android App
Download iOS App



