BJP अध्यक्ष ने दी अरविन्द केजरीवाल को बधाई, कहा- सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएगी

Summary :

BJP अध्यक्ष ने ट्वीट कर कहा, भाजपा दिल्ली की जनता द्वारा दिये गये जनादेश का सम्मान करती है।

दिल्ली विधानसभा चुनाव का परिणाम लगभग सामने आ गया है। इस सब के बीच भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने अरविन्द केजरीवाल को बधाई दी है। भाजपा अध्यक्ष ने  मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी दिल्ली के लोगों द्वारा दिए गए जनादेश को स्वीकार करती है और वह सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएगी।

नड्डा ने ट्वीट कर कहा, “भाजपा दिल्ली की जनता द्वारा दिये गये जनादेश का सम्मान करती है। सभी कार्यकर्ताओं ने इस चुनाव में अथक परिश्रम किया और दिन रात चुनाव में लगे रहे है। सभी कार्यकर्ताओं का ह्रदय से अभिनंदन और साधुवाद।”

उन्होंने आगे कहा, “भाजपा इस जनादेश को स्वीकारते हुए रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएगी और प्रदेश के विकास से जुड़े हर मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगी।इस विश्वास के साथ की आम आदमी पार्टी की सरकार दिल्ली का विकास करेगी, मैं श्री अरविन्द केजरीवाल और उनकी पार्टी को बधाई देता हूं।”
बता दें दिल्ली विधानसभा के 70 सीटों पर 8 फरवरी को मतदान हुआ था जिसका परिणाम आज आना है। अब तक के रुझानों में आप पार्टी ने 63  सीटों पर अपना कब्जा कर लिया है वहीं बीजेपी के हाथ 7  सीट लगी है। इन रूझानों से यह स्पष्ट हैं की दिल्लीवासियों ने तीसरी बार अरविन्द केजरीवाल को अपना सरकार स्वीकार कर लिया है। 

Desk Team