नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी (आप) ने कच्ची कॉलोनियों के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को घेरने की बड़े पैमाने पर तैयारी कर ली हैं। गत कई दिनों से अनधिकृत कॉलोनियों के मुद्दे पर भाजपा की घेराबंदी कर रही आप शनिवार को इस मुद्दे पर भाजपा के खिलाफ धोखा दिवस मनाएगी।
इस दौरान शाम पांच बजे दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में सरकार के मंत्री, पार्टी के वरिष्ठ नेता, विधायक और पार्षदों सहित सैकड़ों कार्यकर्ता भाजपा के झूठ के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे। आप के प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने इस बारे में प्रेसवार्ता कर कहा कि भाजपा के नेता कई दिनों से अनधिकृत कॉलोनियों के नाम पर झूठ बोल रहे हैं।
वे कह रहे हैं कि कच्ची कॉलोनियों को पक्का किया जा रहा है लेकिन रजिस्ट्री कब से होगी इसका जवाब नहीं दे रहे हैं। कांग्रेस की भांति भाजपा भी दिल्ली की जनता को बेवकूफ बनाने में जुटी है। कांग्रेस ने प्रोविजनल सर्टिफिकेट बांटे थे, भाजपा अब ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नंबर का झुनझुना जनता के हाथ में थमा रही है।