नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनावों में विजय को सुनिश्चित करने के लिए रविवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने दिल्ली की तीन विधानसभाओं में संगठनात्मक बैठक की। इन बैठकों में नई दिल्ली की सांसद मीनाक्षी लेखी भी उपस्थित थीं। जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनावों में हमारी तैयारियों में कोई कमी न रह जाए इस बात की चिंता हर कार्यकर्ता को करनी है।
हमारी क्षेत्र में की गई मेहनत हमें जीत की ओर ले जाएगी। भाजपा का रिकॉर्ड काम करने का है और हमने दिल्ली की सत्ता में बिना रहे भी वो काम किए जो दिल्ली की सरकार को जिम्मेदारी के साथ करना था। कोई अपनी जिम्मेदारी निभाए न निभाए भाजपा अपनी जिम्मेदारी पूरी तरह से निभाती है। अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने की बात हो, कश्मीर से संबंधित अनुच्छेद 370 व 35 ए को समाप्त करने की बात हो, मुस्लिम महिलाओं को सम्मान दिलाने के लिए तीन तलाक हो या फिर राम मंदिर निर्माण पर सुप्रीम कोर्ट का निर्णय हो।
भाजपा ने जो-जो कहा हो वो करके दिखाया है। यह सारे काम हमें दिल्ली की जनता को बताने हैं और उन्हें मोदी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से अवगत कराते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित करना है। संगठन की रीढ हमारे कार्यकर्ता क्षेत्र में जाएं और दिल्ली के लोगों को बताएं कि निगम और लोकसभा की तरह ही विधानसभा में भी भाजपा की सरकार बनेगी तो दिल्ली के कामों की रफ्तार तीन गुनी होगी और दिल्ली का समुचित विकास मुमकिन हो जाएगा।