नई दिल्ली : राजधानी की लाइफलाइन बन चुकी दिल्ली मेट्रो ने ऑड-ईवन के पहले दिन ही यात्रियों को परेशान कर दिया। सुबह करीब पौने दस बजे ब्लू लाइन लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन के पास खराब हो गई। यात्रियों ने बताया कि करीब आधे घंटे तक इस स्टेशन के पास मेट्रो खड़ी रही, जिसे बाद में बदलना पड़ा।
यात्रियों ने बताया कि आनंद विहार से द्वारका के तरफ जाने वाले यात्रियों को मेट्रो खराब होने से काफी परेशानी हुई। सुबह के समय इस रूट पर काफी भीड़ रहती है। यात्रियों ने बताया कि मेट्रो के तरफ से केवल यही सूचना दी गई कि तकनीकी कारणों से मेट्रो खराब हो गई। उन्होंने बताया कि लक्ष्मी नगर स्टेशन पर सेवा प्रभावित होने के कारण यमुना बैंक तक मेट्रो सेवा प्रभावित रही।
वहीं मेट्रो प्रशासन ने बताया कि लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन (द्वारका की ओर जाने वाली लाइन पर) पर सुबह 9:44 बजे यात्रियों को उतारते समय दरवाजे में कुछ दिक्कत आ गई थी। काफी प्रयास के बाद भी उक्त दरवाजे को बंद नहीं किया जा सका, जिसे देखते हुए करीब 10 मिनट बाद उक्त मेट्रो ट्रेन को सेवा से हटा दिया गया।
यात्री बोले मेट्रो हो गई बैलगाड़ी
मेट्रो में आई खराबी के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने मेट्रो को जमकर नाराजगी जाहिर की। किसी ने मेट्रो को बैलगाड़ी कहा तो किसी ने खटारा। दीपक सिंह यात्री ने कहा कि डीएमआरसी की सेवा कितनी खराब है। इसके कारण ट्रेन छूट गई। क्या डीएमआरसी इसकी जिम्मेदारी लेगा।
यदि समय से तकनीकी खराबी की सूचना दी जाती तो मेट्रो के बजाय अन्य वाहन का इस्तेमाल किया जा सकता था। डॉ. शैलेश भारद्वाज ने कहा कि ब्लू लाइन की मेट्रो से परीक्षा देने जा रहा हूं। तकनीकी खराबी को जल्दी दूर करें।
विशाल लाकड़ा ने कहा कि लोगों की शिकायतों पर कोई जवाब नहीं मिल रहा है। डीएमआरसी को किराया बढ़ाना आता है, लेकिन लोगों के सवालों का जवाब देना नहीं आता।