राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को कोविड-19 के 213 नये मामले आए जो पिछले तीन महीने में एक दिन में आए सबसे कम मामले हैं। वहीं एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण से 28 लोगों की मौत हुई है, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 24,800 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, दिल्ली में संक्रमण की दर कम होकर 0.30 प्रतिशत रह गयी है। शहर में बृहस्पतिवार को 305 नये मामने आये थे, संक्रमण की दर 0.41 प्रतिशत थी और संक्रमण से 45 लोगों की मौत हुई थी। वहीं शुक्रवार को 238 मामले आए, संक्रमण की दर 0.31 प्रतिशत रही और 24 लोगों को कोविड-19 से मौत हुई।
भारत में कोविड-19 के रोज आने वाले नए मामले लगातार पांचवें दिन एक लाख के आंकड़े से कम हैं और 70 दिन में सबसे कम 84,332 नए मामले दर्ज किए गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शनिवार को सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, नए मामले आने से संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 2,93,59,155 हो गए हैं। इस महामारी से 4,002 और लोगों के जान गंवाने से मृतकों की संख्या 3,67,081 पर पहुंच गयी है।
उपचाराधीन मरीजों की संख्या गिरकर 10,80,690 हो गयी है जो संक्रमण के कुल मामलों का 3.68 प्रतिशत है जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले लोगों की राष्ट्रीय दर 95.07 प्रतिशत हो गयी है। मंत्रालय ने बताया कि भारत में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 63 दिन के बाद 11 लाख से कम है जबकि 24 घंटों में आए 84,332 नए मामले 70 दिनों में सबसे कम हैं। शुक्रवार को कोरोना वायरस के लिए 20,44,131 नमूनों की जांच की गयी। इसी के साथ अब तक कुल 37,42,42,384 नमूनों की जांच की जा चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



