पूर्वी दिल्ली : राजधानी दिल्ली में एक बार फिर शादी समारोह में हुई हर्ष फायरिंग से कुछ देर के लिए खुशियों में खलल पड़ गई, चूंकि फायरिंग में चली एक गोली दुल्हन के दाहिने पैर की एड़ी पर जाकर लग गई। दुल्हन लड़खड़ाती हुई नीचे गिर गई। घायल अवस्था में पूजा (19) को उपचार के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया।
जहां डॉक्टरों ने सुबह उसकी हालत खतरे से बाहर होने की बात कहकर उसे छुट्टी दे दी। खास बात ये रही कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद युवती ने फेरे लेकर शादी पूरी की। उधर, वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना शकरपुर इलाके की है। पुलिस ने युवती के परिजनों के बयान पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आरोपी रिंकू की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। जानकारी के मुताबिक, पूजा परिवार सहित गीता कॉलोनी के शास्त्री नगर इलाके में रहती है।
उसका मायका मंडावली के सेवा सदन ब्लॉक में है। गुरुवार को उसकी शादी शास्त्री नगर निवासी भारत से होनी थी। शकरपुर के स्कूल ब्लॉक स्थित प्राचीन शिव मंदिर में शादी समारोह चल रहा था। वरमाला के बाद दुल्हन स्टेज की ओर बढ़ रही थी। उसी दौरान आरोपी रिंकू हर्ष फायरिंग कर रहा था। एक गोली युवती के पैर पर जा लगी। परिजन ही घायल पूजा को अस्पताल लेकर पहुंचे। देर रात करीब पौने एक बजे अस्पताल से पुलिस को मामले की जानकारी मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए, तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था।