भीम आर्मी ने अपने प्रमुख चन्द्रशेखर आजाद के नेतृत्व में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ शुक्रवार को जामा मस्जिद के पास प्रदर्शन किया। हालांकि पुलिस ने आजाद को जामा मस्जिद से जंतर मंतर तक प्रदर्शन मार्च निकालने की अनुमति नहीं दी थी।
भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद को जामा मस्जिद से जंतर मंतर तक मार्च निकालने के दौरान दरियागंज के निकट हिरासत में ले लिया गया। भीम आर्मी ने दावा किया कि पुलिस ने आजाद को जामा मस्जिद में हिरासत में लेने की कोशिश की लेकिन वह बचकर निकल गए। हालांकि बाद में उन्हें दरियागंज के निकट हिरासत में ले लिया गया।
इस दौरान हाथों में तिरंगा और बैनर पकड़े प्रदर्शनकारियों ने संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ नारेबाजी की। बैनरों पर ‘संविधान बचाओ’ जैसे नारे लिखे थे। लोग जामा मस्जिद के गेट नंबर एक पर जमा हुए और ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे लगाए तथा ‘सारे जहां से अच्छा’ गीत गाया। इन लोगों पर ड्रोन विमानों से नजर रखी गई। प्रदर्शन में शामिल कुछ लोगों के हाथों में भीमराव आंबेडकर, कांशीराम और भगत सिंह की तस्वीरें भी थीं। इसके अलावा चंद्रशेखर ने यहां पर संविधान की तस्वीर लहराई। वही, जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी भी मस्जिद पर मौजूद हैं।
इन मेट्रो स्टेशन पर आवाजाही बंद
प्रदर्शनों के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने शुक्रवार को चार मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए हैं। डीएमआरसी ने ट्वीट किया,”चावड़ी बाजार, लाल किला , जामा मस्जिद और दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए गए हैं।”
बता दें कि गुरुवार को राजधानी दिल्ली में हुए बड़े प्रदर्शनों के बाद आज यह प्रदर्शन पुलिस से अनुमति नहीं मिलने के बावजूद भीम आर्मी के नेतृत्व हुआ। राजधानी दिल्ली में सुरक्षा कारणों और निषेधज्ञा के बावजूद गुरुवार को हजारों की संख्या में छात्रों, कार्यकर्ताओं और विपक्ष के नेताओं ने सड़कों पर प्रदर्शन किया था। संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ राजधानी दिल्ली में समाज के सभी तबके के लोग बड़ी संख्या में प्रदर्शन कर रहे हैं।