पश्चिमी दिल्ली : राजधानी में बदमाशों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। मामला बाहरी दिल्ली के निहाल विहार इलाके का है। यहां देर रात तड़के पराठे की रेहड़ी के पास कार सवार बदमाशों ने तीन युवकों पर अंधाधुंध गोलियां चलाई। घटना में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं मामले की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को नजदीकी अस्पताल में दाखिल कराया, जहां तीनों का इलाज चल रहा है।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, घायलों की पहचान शिव राम पार्क निवासी दीपक माथुर, अध्यापक नगर निवासी राहुल और शिव राम पार्क निवासी प्रदीप के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि दीपक माथुर निहाल विहार थाने का घोषित बदमाश है। वहीं घटना के बाद निहाल विहार पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
रंजिश का मामला… पुलिस सूत्रों के अनुसार, देर रात करीब डेढ़ बजे दीपक, प्रदीप व राहुल के साथ नांगलोई नजफगढ़ रोड स्थित रेहड़ी पर पराठे खा रहा था। इसी बीच नांगलोई की तरफ से एक कार में सवार दो-तीन बदमाश ने तीनों के ऊपर अंधाधुंध गोलियां चला दी। तीनों के पैर व हाथ में तीन-तीन गोलियां लगी। दीपक का कुछ लोगों से झगड़ा चल रहा है। उस पर कुछ समय पहले विरोधी पक्ष ने हमला किया था। उसके बाद दीपक ने भी विरोधी गुट पर हमला किया। आशंका है कि रंजिशन वारदात को अंजाम दिया गया।
दो दर्जन से ज्यादा चलाई गोलियां
पुलिस सूत्रों की मानें तो जिस तरह बदमाशों ने सरेराह वारदात को अंजाम दिया है। उसने कानून व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। दिल्ली में लोगों की सुरक्षा का दावा करने वाली दिल्ली पुलिस किस तरह लोगों की सुरक्षा करती है। उक्त घटना को देखने के बाद साफ पता चलता है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को घटनास्थल के पास से करीब 15 खाली कारतूस के खोल मिले है।
पुलिस गश्त करती तो शायद न होती घटना… रातभर लगती पराठे की रेहड़ियां पर आपराधिक प्रवृति के लोग इकट्ठा होकर वारदात को अंजाम देते है। पुलिस इलाके में गश्त करती तो शायद यह वारदात न होती। बीती वर्ष भी सितंबर माह में मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया में तड़के पराठे की रेहड़ी के पास गोलियां चली थी। उसी बीच पीरागढ़ी में भी बदमाशों ने पराठे की रेहड़ी पर एक युवक को गोली मार दी थी।