बीजेपी के अल्पसंख्यक मोर्चा और महिला मोर्चा के पदाधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज होने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने दिल्ली गेट पुलिस थाने का घेराव किया। इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं और थानाध्यक्ष के बीच जोरदार बहस भी हुई लेकिन वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के पहुंचने पर मामला शांत हो गया।
जानकारी के मुताबिक घटना गुरुवार की शाम उस समय हुई जब यह खबर फैली कि बीजेपी महिला मोर्चा की पूर्व महिला पदाधिकारी ने अल्पसंख्यक मोर्चा के इमरान सैफी और महिला मोर्चा की रूबी आसिफ तथा छह अन्य पदाधिकारियों के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दिल्ली गेट पुलिस थाने में दर्ज कराया है।
इसके बाद पूर्व मेयर शकुंतला भारती और बीजेपी के नगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस थाने पहुंच गए। इन नेताओं ने पुलिस से सवाल किए कि आखिर बिना किसी जांच पड़ताल के अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष के खिलाफ इतने गंभीर आरोपों में मामला कैसे दर्ज कर लिया गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस थाने में तैनात पुलिसकर्मियों ने नेताओं को समझााया कि केवल मामला दर्ज किया गया, आगे जो भी कार्रवाई होगी पूरी जांच पड़ताल के बाद ही होगी। इस घटनाक्रम में करीब दो घंटे तक बीजेपी कार्यकर्ता पुलिस थाने में धरने पर बैठे रहे।