हिंदू देवी-देवताओं पर विवादित पोस्ट को लेकर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के पूर्व छात्र नेता शरजील उस्मानी की मुसीबतें बढ़ती जा रही हैं। महाराष्ट्र के बाद दिल्ली में उस्मानी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जानकारी के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने बीजेपी नेता की शिकायत पर आपत्तिजनक ट्वीट के लिए शरजील उस्मानी के खिलाफ आईपीसी की धारा 505 में मामला दर्ज किया गया है।
इससे पहले महाराष्ट्र पुलिस ने जालना के अम्बेड़ निवासी अंबादास अम्भोरे की शिकायत पर केस दर्ज किया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उस्मानी ने ट्विटर पर कुछ पोस्ट किए हैं, जिसमें भगवान राम के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, जिससे उसकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची। अम्भोरे हिंदू जागरण मंच से जुड़ा है।
SN श्रीवास्तव को दिल्ली पुलिस का पूर्णकालिक आयुक्त बनाया गया, गृह मंत्रालय ने जारी किया आदेश
इसी साल फरवरी में महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित एल्गार परिषद सम्मेलन में उस्मानी शामिल हुआ था। सम्मेलन में उस्मानी ने एक धर्म विशेष को लेकर विवादित टिप्पणी की थी, जिससे राज्य की सियासत गर्मा गई थी। बीजेपी के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शरजील उस्मानी के खिलाफ राज्य सरकार से कार्रवाई करने की मांग की थी।