सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम चैट ग्रुप ‘बॉयज लॉकर रूम’ के खिलाफ सोमवार को जांच शुरू करने वाली दिल्ली पुलिस ने फोटो शेयरिंग एप से वायरल ग्रुप में शामिल सभी लोगों के बायो शेयर करने को कहा है, जहां कमउम्र लड़कियों की तस्वीरें शेयर की जा रही थीं और ऑब्जेक्टिफाइड किया जा रहा था।
साइबर अपराध के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अनीश रॉय ने फोन पर आईएएनएस को बताया, “हमने इंस्टाग्राम से उक्त समूह के सदस्यों और एडमिन का विवरण साझा करने के लिए कहा है, जिसमें उनके नाम, आईपी एड्रेस आदि शामिल हैं।”
प्राइवेट इंस्टाग्राम चैट समूह के लीक स्क्रीनशॉट ने भारत में दुष्कर्म संस्कृति को तूल दे दिया है। इसमें कई लड़कों को कथित तौर पर कम उम्र की लड़कियों की तस्वीरें शेयर करते हुए, उन्हें आपत्तिजनक बनाते और ‘सामूहिक दुष्कर्म’ की योजना बनाते हुए देखा गया।
इससे पहले, दिल्ली पुलिस के साइबर अपराध सेल ने मामले की जांच शुरू की और विवाद से संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट का विश्लेषण करना शुरू किया। दक्षिण दिल्ली की एक लड़की द्वारा सोशल मीडिया पर एक स्क्रीनशॉट शेयर करने, उक्त समूह और कई समान समूहों को उजागर करने के बाद यह घटना सामने आई।
उसने लिखा, “दक्षिण दिल्ली के 17-18 साल की उम्र के लड़कों का एक ग्रुप है, जिसका नाम ‘बॉयज लॉकर रूम’ है, जहां कमसिन लड़कियों की तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक बनाया जा रहा था। मेरे स्कूल के दो लड़के इसका हिस्सा हैं।”
लड़की ने समूह में शामिल लड़कों की सूची और उनके चैट के स्क्रीनशॉट को भी साझा किया, जहां उन्हें लड़कियों की तस्वीरें शेयर करते हुए और उन पर टिप्पणी करते हुए देखा जा सकता है। इस मामले को लेकर दिल्ली महिला आयोग भी एक्शन में आ गई और दिल्ली पुलिस और इंस्टाग्राम को नोटिस जारी किया।
Breaking –
DCW chief @SwatiJaiHind issues notice to Instagram and Delhi Police in the matter of a group named “boys locker room” being used by some miscreants to share objectionable pictures of minor girls and planning illegal acts such as rape of minor girls. #boyslockerroom pic.twitter.com/PyzxGCv7kt
— Delhi Commission for Women – DCW (@DCWDelhi) May 4, 2020
दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने कहा कि यह एक आपराधिक और दुष्कर्म मानसिकता का स्पष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा, “हम इंस्टाग्राम और दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर रहे हैं। इस ग्रुप के सभी लड़कों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए।”