नई दिल्ली : देश में घोर आर्थिक मंदी के लिए केन्द्र की मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए रविवार को कांग्रेस ने केन्द्र की भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के बवाना में आयोजित जन आक्रोश रैली के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने आर्थिक मंदी व अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ जारी अधिसूचना के मामले में भाजपा व आप सरकार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित करते हुए इस कानून को तुरंत प्रभाव से वापस लेने की मांग की।
चोपड़ा ने कहा कि देश में आर्थिक अराजकता का अनुमान इस बात से लगाया जा सकता है कि भाजपा सरकार आरबीआई इमरजेंसी रिजर्व फंड को भी खाली करने से नहीं चूक रही है। उन्होंने इस बात पर आश्चर्य व्यक्त किया कि जो रिजर्व फंड युद्ध या अन्य गंभीर वित्तिय संकटों के दौरान देश की रक्षा के लिए सुरक्षित रखा जाता है, उसे मोदी सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए इस्तेमाल कर रही है।
उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि अगस्त महीने में आरबीआई ने मोदी सरकार को 1,76,000 करोड़ रुपए दिए। इससे पहले 2014 से 2018 तक आरबीआई ने 2,13,000 करोड़ रुपए मोदी सरकार की गलत नीतियों के कारण हुए घाटे को कम करने के लिए दिए। उन्होंने कहा कि अब तक मोदी सरकार अपनी नाकामियों को पूरा करने के लिए आरबाईआई से 3,89,000 करोड़ रुपए ले चुकी है।
प्रवासियों को एकजुट रहना होगा : कीर्ति आजाद
किराड़ी में विद्यापति स्मृति पर्व समारोह जैतपुर व 8वें मिथिला विभूति स्मृति पर्व के दौरान दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अभियान समिति के चेयरमेन कीर्ति आजाद ने लोगों को संबोधित किया। इस दौरान आजाद ने कहा कि प्रवासी अपने घर-परिवार को छोड़ हजारों किलोमीटर दूर आते हैं। उन्हें दो परिवारों को एक साथ चलाना पड़ता है। प्रवासी समुदाय इज्जत के साथ जीवन जीना चाहता है।
अपनी सभ्यता, संस्कृति और संस्कार को बचाए रखना उनके लिए अस्मिता का सवाल है। हर प्रवासी अपने-अपने क्षेत्र के राजदूत है। इसीलिए हमें अपनी सांस्कृतिक व राजनीतिक औचित्य बनाए रखने के लिए एक जुट व एक साथ रहना होगा। हर वर्ष मनाए जाने वाले विद्यापति स्मृति पर्व समारोह के बारे में जानकारी देते हुए आजाद ने कहा कि मिथिला की सभ्यता, संस्कृति और संस्कार बहुत ही पौराणिक और प्रमाणित हैं।
दिल्ली में रह रहे मिथिलांचल वासियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इतनी पौराणिक सभ्यता और संस्कृति को जीवित रखना हम सब की सामूहिक जिम्मेदारी है। बाबा विद्यापति ने लोगों को ‘देसिल बयना सब जन मिट्ठा’ का सूत्र देकर लोकभाषा की जो जनचेतना पैदा की थी उसे हम सब को मिलकर जीवित रखना है।
इस अवसर पर पार्टी के मुख्य प्रवक्ता मुकेश शर्मा ने कहा कि जब-जब भाजपा सत्ता में आती है, अनधिकृत कॉलोनियों के लोगों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है। उन्होंने कहा कि एक बार फिर भाजपा सरकार ने केजरीवाल सरकार के साथ मिलकर दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों में रहने वाले 40 लाख लोगों के साथ भद्दा मजाक किया है और उनको मकान का मालिक मानने से भी इंकार कर दिया है।