चंद्रबाबू नायडू से मिले अरविंद केजरीवाल, बोले- BJP की सरकार देश और संविधान के लिए खतरा

Summary :

शनिवार दोपहर दिल्ली के आंध्र भवन में चंद्रबाबू नायडू और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बीच मुलाकात हुई। इस मुलाकात में शरद यादव भी मौजूद थे।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू शनिवार को दिल्ली दौरे पर आए हैं। इस दौरान उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की। शनिवार दोपहर दिल्ली के आंध्र भवन में चंद्रबाबू नायडू और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बीच मुलाकात हुई। इस मुलाकात में पूर्व जेडीयू नेता और राज्यसभा सांसद शरद यादव भी मौजूद थे।

नायडू की केजरीवाल और शरद यादव से यह मुलाकात ऐसे समय में हुई जब आंध्रप्रदेश के साथ चार अन्य राज्यों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। सूत्रों के अनुसार केजरीवाल और यादव की नायडू से मुलाकात लगभग आधे घंटे तक चली। बैठक में तीनों नेताओं ने मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा की।

नायडू से मिलने के बाद केजरीवाल ने ट्वीट कर अपनी मुलाकात की जानकारी दी और कहा, ‘हम लोगों की मुलाकात काफी अच्छी रही और कई राष्ट्रीय मुद्दों पर हमनें चर्चा की। कुछ देर के लिए शरद यादव भी हमारे साथ रहे।’ उन्होंने कहा कि वर्तमान की बीजेपी सरकार देश और संविधान के लिए खतरा है। देशभर के लोगों को एक साथ मिलकर भारत के संविधान की रक्षा करनी होगी।

बता दें कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री सूबे के राज्यपाल से नाराज हैं जिसके विरोध में वह प्रेस कॉन्फ्रेंस करने दिल्ली आए थे। चंद्रबाबू नायडू का आरोप है कि जगन मोहन रेड्डी के ऊपर हुए हमले के बाद राज्यपाल ने सीधे राज्य के डीजीपी को फोन करके जानकारी ली जोकि राज्य सरकार के अधिकारों का उल्लंघन है।

Desk Team