दिल्ली विधानसभा के लिए शनिवार को हो रहे मतदान में मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। उन्होंने नयी दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में निर्माण भवन स्थित मतदान केन्द्र पर लगभग दोपहर 12 बजे पहुंचे। उनके साथ दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रणवीर सिंह भी थे। विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम के मुताबिक मतगणना 11 फरवरी को होगी।
मतदान के बाद अरोड़ा ने बताया कि मतदाताओं में मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिये उत्साह दिख रहा है। पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार अधिक मतदान होने के बारे में भरोसा जताते हुये उन्होंने कहा, ‘‘उम्मीद पर जीवन कायम है।’’ बता दें कि 2015 में दिल्ली विधानसभा चुनाव में 67 प्रतिशत रिकार्ड मतदान हुआ था। सुनील अरोड़ा ने कहा कि दिल्ली में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित कराने के लिये सुविधाजनक मतदान के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। इसके लिये उन्होंने दिल्ली निर्वाचन कार्यालय और दिल्ली पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुये दिल्ली के मतदाताओं से भी मतदान में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने की अपील की।
PM मोदी और विदेश मंत्री ने श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे से की मुलाकात
उन्होंने मतदान का स्तर बढ़ाने के लिये किए गए प्रयासों के आधार पर कहा, ‘‘ये प्रयास लोकासभा चुनाव में कारगर रहे, झारखंड और छत्तीसगढ़ में भी कारगर रहे, इसलिये ये प्रयास दिल्ली में भी कारगर साबित होने चाहिये।’’ चुनाव प्रचार के दौरान नेताओं को विवादित बयान देने से रोकने के लिये आयोग द्वारा बार- बार नोटिस देने के बावजूद प्रचार के अंतिम क्षण तक ऐसे बयानों पर रोक नहीं लग पाने के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘विवादित बयानों का सिलसिला अगर जारी रहा तो आयोग इसी तरह कानूनी कार्रवाई करता रहेगा।’’
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों की सराहना करते हुए अरोड़ा ने कहा, ‘‘काफी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में चुनाव प्रक्रिया को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिये सभी पुलिस अधिकारियों ने काफी मेहनत की, मैं उनके काम की सराहना करता हूं।’’


Download Android App
Download iOS App



