दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं भी अतिक्रमण के खिलाफ हूं। लेकिन जिस तरह बीजेपी अपनी ताकत का दुरुपयोग करते हुए दिल्ली की सड़कों में बुलडोजर चलवाकर भय का माहौल बना रही है वो सही नहीं।
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, BJP कह रही है कि वो दिल्ली से सारा अतिक्रमण हटाने जा रही है। हम भी अतिक्रमण के ख़िलाफ़ है। हम भी नहीं चाहते कि कही अतिक्रमण हो। योजनाबद्ध तरीके से दिल्ली का विस्तार नहीं किया गया है। 80 फीसदी दिल्ली अतिक्रमण के दायरे में है तो क्या 80 फीसदी दिल्ली को तोड़ा जाएगा? BJP दिल्ली के 63 लाख लोगों की दुकानों या मकानों पर बुलडोज़र चला सकती है। ये आज़ाद भारत का सबसे बड़ा विध्वंस होगा।
उन्होंने कहा कि, 'हर काम करने का एक तरीका होता है, मैं भी अतिक्रमण के खिलाफ हूं। लेकिन जिस तरह बीजेपी अपनी ताकत का दुरुपयोग करते हुए दिल्ली की सड़कों में बुलडोजर चलवाकर भय का माहौल बना रही है वो सही नहीं है। बुलडोज़र चलाकर लोगों के घरों को उजाड़ना यह ठीक नहीं है। इसका हम विरोध करते हैं। इस तरह की दादागिरी, गुंडागर्दी करना सही नहीं है। अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल करना सही नहीं है।
MCD में AAP की सरकार बनने पर अतिक्रमण का समाधान
मुख्यमंत्री ने कहा, हम दिल्ली के लोगों को भरोसा दिलाते हैं कि अतिक्रमण और अवैध रूप से बनी हुई दिल्ली की समस्या का हम समाधान करेंगे। कच्ची कॉलोनी में रह रहे लोगों को मालिकाना हक दिलाएंगे। दिल्ली को झुग्गियों से भी मुक्ति दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि 15 साल से MCD में BJP का राज है, इन्होंने क्या किया? अब 2 दिन में इनका कार्यकाल ख़त्म हो रहा है, क्या इनके पास नैतिक, कानूनी शक्ति है? चुनाव कराइए। MCD में AAP की सरकार बनेगी। हम भरोसा दिलाते हैं, दिल्ली की अतिक्रमण की समस्या का समाधान निकालेंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर अतिक्रमण अभियान को रोकने का अनुरोध किया था। आप विधायक अमानतुल्ला खान को भी विध्वंस अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया था। बाद में उन्हें साकेत कोर्ट ने जमानत दे दी थी।