राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार की सुबह न्यूनतम तापमान इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री अधिक 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएम़डी) ने यह जानकारी दी। विभाग ने आज आसमान में बादल छाए रहने के साथ ही हल्की बारिश या बूंदाबादी का अनुमान व्यक्त किया है।
आईएमडी ने कहा है कि अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रह सकता है। हवा में नमी का स्तर 88 प्रतिशत दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक सुबह आठ बजकर पांच मिनट पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) संतोषजनक श्रेणी में 61 दर्ज किया गया।
शून्य से 50 के बीच एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 को संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है। गुरुवार को आईएमडी के एक अपडेट के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। आईएमडी के सात दिनों के पूर्वानुमान से संकेत मिलता है कि 29 सितंबर तक बारिश जारी रहने की संभावना है, साथ ही 28 और 29 सितंबर को गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
दिल्ली में इस महीने के अब तक 16 दिन बारिश दर्ज की गई है। कम से कम 2011 के बाद से सितंबर के लिए बारिश के दिनों की यह सबसे अधिक संख्या है। 2020 में, सितंबर में तीन दिन बारिश दर्ज की गई, जबकि 2019 के लिए यह आंकड़ा छह दिनों का था। इस मानसून के मौसम में, दिल्ली ने सभी मौसम केंद्रों में औसतन 739.8 मिमी बारिश दर्ज की है। यह 1 जून से 23 सितंबर तक 574.1 मिमी बारिश के सामान्य आंकड़े के विपरीत है, जो इस मौसम में अब तक हुई अतिरिक्त बारिश को दर्शाता है।