राजधानी दिल्ली में रविवार तक पिछले 24 घंटों में हो चुकी नौ हत्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली पुलिस सहित केन्द्र की भाजपा सरकार को घेरा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि राजधानी में गंभीर अपराधों में एक खतरनाक तेजी देखी जा रही है। वसंत विहार में एक बुजुर्ग दंपति और उनकी घरेलू नौकरानी की हत्या कर दी गई।
उन्होंने कहा कि शहर में पिछले 24 घंटों में नौ हत्याएं हो चुकी हैं। ऐसे में दिल्लीवालों की सुरक्षा के लिए किसका दरवाजा खटखटाना चाहिए? इस मुद्दे पर पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता आतिशी ने भी अगले 24 घंटे में दिल्ली वालों की सुरक्षा को लेकर भाजपा से उसकी भूमिका बताने को कहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 9 हत्याएं हो चुकी हैं। ऐसा दिल्ली में पहली बार नहीं हो रहा है, पिछले कई हफ्तों से देखा जा रहा है कि दिल्ली में कानून-व्यवस्था दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है।
चाहे वह हत्या के मामले हो या मुखर्जी नगर में पुलिस द्वारा ग्रामीण सेवा ड्राइवर को गुंडों की तरह पीटने का मामला हो। इसके लिए केवल और केवल भाजपा जिम्मेदार है। आतिशी ने कहा कि दिल्ली में रहने वाली महिलाएं रात को 8:00 बजे के बाद घर से बाहर निकलने में डर महसूस करती हैं। अपराधियों में पुलिस और कानून का कोई डर नहीं रहा है। कानून-व्यवस्था की इस बद्तर हालत के लिए सिर्फ भाजपा जिम्मेदार है।
इसीलिए हम भाजपा सरकार से पूछना चाहते हैं कि दिल्ली की जनता की सुरक्षा के लिए सरकार क्या नीतियां बना रही है? सरकार की क्या जिम्मेदारी होगी? उपराज्यपाल की क्या जिम्मेदारी होगी? दिल्ली में भाजपा के सातों सांसदों की क्या जिम्मेदारी होगी और गृह मंत्रालय की क्या जिम्मेदारी होगी? आज भाजपा को यह बताना पड़ेगा कि वह दिल्ली की जनता की सुरक्षा किस प्रकार से सुनिश्चित करेंगे?