नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर में इमारत ढहने के घटना स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान केजरीवाल ने तत्काल जांच के आदेश देने के साथ ही मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की।
इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई थी और दो लोग घायल हो गए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में अपने परिवार के कमाऊ सदस्यों को खोने के बाद से मृतक के बच्चों की शिक्षा का ध्यान रखेगी। मुख्यमंत्री ने एक ट्वीट कर कहा कि सीलमपुर में इमारत ढहने वाली जगह का निरीक्षण किया।
मामले की तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। जान के नुकसान की भरपाई नहीं की जा सकती, लेकिन दिल्ली सरकार मृतकों के परिवार को पांच लाख रुपए तथा प्रत्येक घायल को 50-50 हजार रुपए देगी। हादसे के बाद केजरीवाल ने कहा था कि वह इमारत के निर्माण की अनुमति देने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।
निरीक्षण के दौरान केजरीवाल ने स्थानीय लोगों की शिकायतें सुनीं और दर्द बांटा। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ स्थानीय विधायक मोहम्मद इशराक भी साथ थे।