कोरोना वैक्सीनेशन के लिए तैयार दिल्ली सरकार, जानें पहले चरण में किसको दिया जाएगा टीका

Summary :

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ऐसे सभी लोगों की पहचान की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली गई है जिनको पहले चरण में वैक्सीनेशन दिया जाना है।

देश में जल्द ही कोरोना वायरस के खिलाफ वैक्सीनेशन शुरू होने वाला है। 28 दिसंबर को कोरोना वैक्सीन की पहली खेप दिल्ली पहुंचेगी। दिल्ली सरकार ने कोरोना वैक्सीनेशन की सभी तैयारी पूरी कर ली है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि ऐसे सभी लोगों की पहचान की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली गई है जिनको पहले चरण में वैक्सीनेशन दिया जाना है।
 मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा, दिल्ली सरकार ने सभी तैयारी पूरी कर ली है और टीकाकरण के लिए तैयार है। हेल्थकेयर और फ्रंटलाइन कर्मचारियों सहित लगभग 51 लाख लोग ऐसे हैं जिन्हें पहले चरण में वैक्सीन मिलेगी। ऐसे सभी लोगों की पहचान की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है।
उन्होंने कहा, हमें टीकाकरण के पहले चरण के लिए वैक्सीन की 1.02 करोड़ खुराक की आवश्यकता होगी क्योंकि प्रत्येक व्यक्ति को दो खुराक मिलेंगी। वर्तमान में, हमारे पास 74 लाख खुराक जमा करने की क्षमता है जिसे एक सप्ताह के भीतर बढ़ाकर 1.15 करोड़ कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा, जिन्हें वैक्सीन दी जाएगी उन सभी का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। दिल्ली सरकार उन्हें समय-समय पर सूचित करेगी। जितनी भी लोकेशन और वर्कर्स की जरूरत पड़ेगी, उन्हें चिन्हित किया गया है। किसी को वैक्सीन के कारण साइड इफ़ेक्ट होते हैं तो उसके लिए भी अलग से व्यवस्था की गई है।
28 दिसंबर को कोरोना वैक्सीन की पहली खेप दिल्ली पहुंचेगी। इसको लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। राजीव गांधी अस्पताल में ट्रकों में लादकर बड़े आकार के डीप फ्रीजर पहले ही पहुंच चुके हैं। केंद्र ने राज्‍य सरकारों को साथ लेकर चार महीने पहले ही कोविड टीकाकरण की तैयारियां शुरू कर दी थी। 
राज्‍य, जिला और ब्‍लॉक लेवल पर टास्‍क फोर्सेज बनाई गई हैं। मास्‍टर ट्रेनर्स को ट्रेनिंग दी जा चुकी है जो पूरे देशभर में कोविड टीकाकरण में शामिल वालंटियर्स को ट्रेन करेंगे। 

Desk Team