दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को आश्रम फ्लाईओवर एक्सटेंशन का शुभारंभ किया, जो दिल्ली और नोएडा के बीच यात्रा करने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा। लोक निर्माण विभाग के प्रधान अभियंता अनंत कुमार ने बताया कि विस्तारित फ्लाईओवर पर फिलहाल सिर्फ हल्के वाहनों को आवाजाही की इजाजत होगी। बता दें कि इस उद्घाटन के दौरान आप सरकार ने दिल्ली में हो रहे विकास की उपलब्धियां भी गिनवाई है।
यात्रियों के सफर होगा आसान
केजरीवाल ने कहा, लोगों की दुश्वारियां खत्म हुईं। आश्रम फ्लाईओवर एक्सटेंशन के खुलने से नोएडा से आने वाले लोग एम्स (अस्पताल) जल्दी पहुंच सकेंगे। उन्होंने पिछली सरकारों के कार्यकालों के दौरान काम की सुस्त रफ्तार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि दिल्ली में उनकी आम आदमी पार्टी (आप) के शासन में 27 फ्लाईओवर बनाए जा चुके हैं, जबकि पिछले 65 वर्षों के दौरान केवल 84 फ्लाईओवर का निर्माण किया गया था।
नई परियोजनाओं पर चल रहा है कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 और बड़ी परियोजनाओं पर काम चल रहा है। ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक ने बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवा स पर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) दल के जाने को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं को निशाना बनाना और उन्हें परेशान करना गलत है। सीबीआई अधिकारियों ने कहा है कि नौकरी के बदले जमीन के कथित घोटाला मामले में ‘आगे की जांच’ के सिलसिले में एक टीम ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास का दौरा किया, लेकिन कोई तलाशी या छापेमारी नहीं हो रही है।