नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राजधानी दिल्ली को देश का सबसे प्रदूषित शहर बना दिया है। यह बाते पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने गुरुवार को पार्क चलो अभियान कार्यक्रम के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री रहते हुए भी उनकी प्रधानमंत्री बनने की लालसा और सभी राज्यों में राज करने की इच्छा ने दिल्ली का बहुत नुकसान किया है। उन्होंने यमुना, यातायात, पार्किंग, स्लम, झुग्गी-झोपड़ियों पर कुछ भी काम नहीं किया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान प्रधानमंत्री द्वारा चलाया गया सराहनीय अभियान है। जिसमें लोग बढ़चढ़कर हिस्सा भी ले रहे हैं लेकिन मोदी जी अकेले देश को स्वच्छ नहीं कर सकते हैं। इसलिए देश के हर नागरिक की जिम्मेदारी बनती है कि वह स्वच्छता अभियान में सपोर्ट करें, नहीं तो दिल्ली कूड़े का ढेर बन जाएगी।
पश्चिम विहार के सुंदर विहार स्थित डीडीए पार्क में पार्क चलो अभियान भी चलाया गया। यहां पर आरडब्ल्यूए, एनजीओ के पदाधिकारियों को सम्बोधित करते हुए गोयल ने कहा कि दिल्ली के नागरिकों ने यदि हर क्षेत्र में निगरानी कमेटियां नहीं बनाईं तो दिल्ली बड़ी तेजी से स्लम बनती चली जाएगी।