हाथरस गैंगरेप पीड़िता के जबरन अंतिम संस्कार को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ‘‘पहले कुछ दरिंदों ने बलात्कार’’ किया और इसके बाद ‘‘पूरी प्रणाली ने उसका बलात्कार’’ किया। दरअसल, प्रदेश पुलिस पर पीड़िता का जबरन अंतिम संस्कार कराए जाने का आरोप है।
गैंगरेप की शिकार हुई युवती के परिवार ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने पीड़िता का रात में ही अंतिम संस्कार करने के लिए उन्हें मजबूर किया। घटना के बाद पुलिस के इस रवैये पर केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘हाथरस की पीड़िता का पहले कुछ दरिंदों ने बलात्कार किया और कल पूरी प्रणाली ने बलात्कार किया। पूरा प्रकरण बेहद पीड़ादायी है।’’
उन्होंने एक अन्य ट्वीट किया, ‘‘हाथरस मामले में उत्तर प्रदेश सरकार ने जांच के लिए विशेष जांच दल का गठन किया। एसआईटी क्या जांच करेगी? क्या पुलिस ने आधी रात में लड़की का शव जबरदस्ती जलाने का कारनामा अपनी मर्जी से कर दिया? शव को जिनके आदेश पर जलाया गया, क्या एसआईटी उनकी जांच कर पाएगी?’’
इससे पहले केजरीवाल ने अपने ट्वीट में कहा था, ‘‘हाथरस पीड़िता की मौत पूरे समाज, देश और सभी सरकारों के लिए शर्म की बात है। बड़े दुःख की बात है कि इतनी बेटियों के साथ दुष्कर्म हो रहा है और हम अपनी बेटियों को सुरक्षा नहीं दे पा रहे। दोषियों को जल्द से जल्द फांसी की सजा मिलनी चाहिए।’’
पीड़िता के साथ 14 सितंबर को चार लोगों ने हाथरस के एक गांव में सामूहिक बलात्कार किया था। उसे अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी हालत और खराब होने के बाद उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भेजा गया, जहां उसने मंगलवार को दम तोड़ दिया। दो अफ्ते के इलाज के बाद दुनिया से अलविदा कहने वाली हाथरस की निर्भया के लिए देश के कौन से कौन से न्याय कि मांग उठ रही है।