प्रवर्तन निदेशालय ने AAP नेता और दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन पर मनी लॉन्डिंग का केस दर्ज करते हुए सोमवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया। स्वास्थ्य मंत्री की इस गिरफ्तारी को पार्टी संयोजक और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने धोखाधड़ी और राजनीतिक कारणों से निशाना बनाए जाने का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि ED द्वारा सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के मामले का मैंने व्यक्तिगत रूप से अध्ययन किया, ये पूरी तरह से धोखाधड़ी है। हम भ्रष्टाचार को सहन नहीं करते। हमारी सरकार बहुत ही ईमानदार है। उन्हें (सत्येंद्र जैन) राजनीतिक कारणों से निशाना बनाया है। हमें अपनी न्यायपालिका पर भरोसा है।
AAP ने गिरफ्तारी को बताया हिमाचल चुनाव से प्रेरित
दरअसल, ईडी ने सोमवार को सत्येंद्र जैन पर मनी लॉन्डिंग का केस दर्ज किया गया। ईडी ने स्वास्थ्य मंत्री से पैसों के अवैध तरीके से लेन-देन के शक में पूछताछ की थी जिसके बाद से ही ईडी ने तुरंत जैन को हवाला के केस में दोषी मानकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। वहीं आम आदमी पार्टी ने इसे हिमाचल विधानसभा के मद्देनजर की गई कार्रवाई करार दिया।
उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा, सत्येंद्र जैन के खिलाफ 8 साल से एक फर्ज़ी केस चलाया जा रहा है। अभी तक कई बार ईडी उनको (सतेंद्र जैन) बुला चुकी है। बीच में कई साल ईडी ने बुलाना भी बंद कर दिया था क्योंकि उन्हें कुछ मिला ही नहीं। अब फिर शुरू कर दिया क्योंकि सत्येंद्र जैन हिमाचल के इलेक्शन इंचार्ज हैं।
मनीष सिसोदिया का कहना है कि सत्येंद्र जैन कुछ ही दिनों में छूट जाएंगे। मनीष सिसोदिया का आरोप है कि हिमाचल में होने वाले चुनाव की वजह से ईडी ने उन पर शिकंजा कसा है। सिसोदिया ने कहा, हिमाचल में बीजेपी बुरी तरह से हार रही है। इसीलिए सत्येंद्र जैन को आज गिरफ्तार किया गया है ताकि वो हिमाचल न जा सकें। वे कुछ दिनों में छूट जाएंगे क्योंकि केस बिलकुल फर्जी है।