नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में संभावित मानसून की दस्तक से कुछ दिनों पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पूरा सरकारी अमला इसकी तैयारियों में जुट गया है। इस संबंध में मंगलवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अधिकारियों को बारिश में जलभराव की समस्या से निपटने के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश देते हुए सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग से एक सप्ताह में जलभराव वाले स्थानों की सूची देने को कहा।
सीएम इस वर्ष की बाढ़ नियंत्रण आदेश रिपोर्ट जारी करने के कार्यक्रम में बोल रहे थे। सीएम ने मुख्य सचिव विजय देव को निर्देश दिये कि सभी संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी जायी। इसमें अधिकारियों से पहले से पहचाने गये जलभराव वाले स्थानों की सूची एक सप्ताह में उपलब्ध कराने, पिछले वर्ष चिन्हित जलभराव के स्थान और समस्या के निदान के उपाए से संबंधित रिपोर्ट भी मांगी।
यदि किसी जगह पर संरचनात्मकता या अन्य किसी कारण से जलभराव की समस्या का निपटान नहीं हो पा रहा है तो उसकी भी जानकारी उपलब्ध करायी जाये। मुख्य सचिव विजय देव ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि जलभराव की कोई भी बदसूरत तस्वीर या दृश्य स्वीकार नहीं किया जाएगा। सीएस ने कहा कि प्रत्येक अधिकारी की जवाबदेही और जिम्मेदारी संबंधित क्षेत्रों के आधार पर निर्धारित की जाएगी।