नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने दिल्ली में बढ़ रही पानी की समस्या को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि गर्मियों में अक्सर पानी की मांग बढ़ जाती है और ऐसे समय में जब पानी की सबसे अत्यधिक अवश्यकता होती है। उस समय पानी का न होना दिल्ली सरकार की लापरवाही को साफतौर पर दिखाता है।
दिल्ली प्रदेश भाजपा जनता की समस्याओं की आवाज बनकर गहरी नींद में सो रही केजरीवाल सरकार को लगातार धरना-प्रदर्शन कर जगाने का काम कर रही है। दिल्ली के सभी जिले, विधानसभा क्षेत्रों और मंडलों में भाजपा कार्यकर्ता पानी की समस्या को लेकर सोई हुई सरकार को जगाने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं।
तिवारी ने कहा कि ‘जल है तो जीवन है’ यह आदर्श वाक्य दिल्ली जल बोर्ड का है जिसमें जल तो जल बोर्ड दे नहीं पा रहा तो एक तरह से वो दिल्ली के लोगों का जीवन के साथ खिलवाड़ कर रहा है। इसके लिए पूरी तरह से जिम्मेदार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल हैं।