कांग्रेस ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को 54 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी जिसमें कई कई पूर्व मंत्रियों और कुछ नए चेहरों के नाम शामिल हैं। पार्टी की ओर से जारी की गई सूची में 10 महिलाओं को टिकट दिया गया है।
उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के खिलाफ पड़पडग़ंज विधानसभा सीट से कांग्रेस ने लक्ष्मण रावत को टिकट दिया है। पार्टी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ अभी उम्मीदवार घोषित नहीं किया है।
पूर्व मंत्री अशोक कुमार वालिया को कृष्णा नगर, अरविंदर सिंह लवली को गांधी नगर और हारून यूसुफ को बल्लीमारान से उम्मीदवार बनाया गया है।
आम आदमी पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने वाले आदर्श शास्त्री को द्वारका से टिकट दिया गया है जहां से वह निवर्तमान विधायक हैं।
अलका लांबा को चांदनी चौक से उम्मीदवार बनाया गया है जहां से वह पिछले चुनाव में आम आदमी पार्टी के टिकट पर निर्वाचित हुईं थी।
दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा की पुत्री शिवानी चोपड़ा को कालकाजी और चुनाव प्रचार समिति के प्रमुख कीर्ति आजाद की पत्नी पूनम को संगम विहार से टिकट मिला है।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश लिलोठिया को मंगोलपुरी और देवेंद्र यादव को बादली से टिकट दिया गया है।
कांग्रेस ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में कई युवा चेहरों पर भरोसा जताया है। पार्टी की मीडिया पैनलिस्ट राधिका खेड़ा को जनकपुरी, युवा पार्षद अभिषेक दत्त को कस्तूरबा नगर, महिला कांग्रेस की पदाधिकारी नीतू वर्मा को मालवीय नगर, आकांक्षा ओला को मॉडल टाउन और अली मेहंदी को मुस्तफाबाद से उम्मीदवार बनाया गया है।
पूर्व विधायक मतीन अहमद को सीलमपुर और तलविंदर मारवाह जंगपुरा से चुनाव लड़ेंगे। गौरतलब है कि दिल्ली में 70 सदस्यीय आठ फरवरी को मतदान होगा और 11 फरवरी को नतीजे घोषित किये जायेंगे।